नई दिल्लीः राजधानी में एक बेहद असहज और चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) में चल रही वर्चुअल सुनवाई के दौरान अचानक अश्लील वीडियो चलने लगा। यह घटना उस समय हुई जब एक मामले की सुनवाई डिवीजन बेंच में चल रही थी, जिससे कोर्ट में अफरा-तफरी मच गई और कार्यवाही तुरंत रोकनी पड़ी।
सूत्रों के अनुसार, यह सुनवाई न्यायमूर्ति देवेंद्र कुमार उपाध्याय और एक अन्य न्यायाधीश की बेंच में चल रही थी। बहस के दौरान ही अचानक स्क्रीन पर आपत्तिजनक वीडियो चलने लगा, जिससे वकील और न्यायाधीश दोनों असहज हो गए।
कुछ समय के लिए सुनवाई स्थगित की गई और फिर दोबारा कार्यवाही शुरू की गई। इसी दौरान ‘शीतिजीत सिंह’ नामक एक व्यक्ति के लॉग-इन करते ही फिर से वही वीडियो स्क्रीन पर दिखाई देने लगा। इसके बाद अदालत ने पूरी सुनवाई पूरी तरह से बंद कर दी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की साइबर क्राइम शाखा में शिकायत दर्ज कराई गई है। प्रारंभिक जांच में संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लिया गया, हालांकि पुलिस ने फिलहाल उसे गिरफ्तार नहीं किया है। पूछताछ में उसने दावा किया कि उसका अकाउंट संभवतः हैक हो गया था, जिसके कारण यह तकनीकी गड़बड़ी हुई।
पुलिस का भी शुरुआती अनुमान है कि यह साइबर हैकिंग का मामला हो सकता है, लेकिन इसकी विस्तृत जांच जारी है।
इसी दिन हाईकोर्ट की अन्य वर्चुअल सुनवाइयों में भी इसी तरह की तकनीकी गड़बड़ियों की सूचना मिली, जिससे पूरे सिस्टम की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य न्यायाधीश ने विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि डिजिटल सुनवाई व्यवस्था के बढ़ते उपयोग के बीच इस तरह की घटना ने न्यायिक प्रणाली की साइबर सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है।