नई दिल्लीः मतदान प्रक्रिया समाप्त होते ही देश के कई महत्वपूर्ण राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के विधानसभा चुनावों को लेकर एग्जिट पोल के नतीजे सामने आ गए। केरल (Kerala), तमिलनाडु (Tamil Nadu), असम (Assam) और पुडुचेरी (Puducherry) में विधानसभा चुनावों में हुए मतदान के बाद आए इन अनुमानों ने राजनीतिक हलकों में हलचल तेज कर दी है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि एग्जिट पोल केवल संभावित रुझान दिखाते हैं, अंतिम परिणाम नहीं। वास्तविक तस्वीर 4 मई को मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगी।
केरल: 10 साल बाद सत्ता बदलने के आसार
140 सीटों वाली केरल (Kerala) विधानसभा (बहुमत 71) में इस बार सत्ता परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं। पिनारई विजयन (Pinarayi Vijayan) के नेतृत्व वाली एलडीएफ (LDF) सरकार के लिए तीसरी बार सत्ता में वापसी की राह कठिन दिखाई दे रही है।
एक्सिस माई इंडिया, पीपल्स पल्स और वोट वाइब (Axis My India, People’s Pulse,Vote Vibe) जैसे प्रमुख सर्वेक्षणों के अनुसार कांग्रेस-नेतृत्व वाला यूडीएफ (UDF) गठबंधन 70 से 90 सीटें जीतकर बहुमत हासिल कर सकता है। वहीं एलडीएफ (LDF) के खाते में 49 से 68 सीटें आने का अनुमान है।
राज्य में भाजपा (BJP) या एनडीए (NDA) की स्थिति अभी भी सीमित दिखाई दे रही है, जहां उन्हें 0 से 3 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।
तमिलनाडु: ‘थलापति’ विजय ने बढ़ाया मुकाबले का रोमांच
234 सीटों वाले तमिलनाडु (Tamil Nadu) (बहुमत 118) में इस बार रिकॉर्ड 85.1% मतदान हुआ, जिसने चुनाव को और दिलचस्प बना दिया है। परंपरागत रूप से यह मुकाबला एम.के.स्टालिन (M. K. Stalin) की डीएमके (DMK) और एआईएडीएमके (AIADMK) के बीच माना जा रहा था, लेकिन अभिनेता विजय (Vijay) की पार्टी टीवीके (TVK) ने समीकरण बदल दिए हैं।
मैट्रिज, पी-मार्क, पीपल्स पल्स (Matrize, P-MARQ, People’s Pulse) के सर्वे के अनुसार डीएमके (DMK) गठबंधन 122 से 145 सीटों के साथ सत्ता बरकरार रख सकता है।
हालांकि एक्सिस माई इंडिया (Axis My India) के एग्जिट पोल में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। इस सर्वे के मुताबिक विजय की टीवीके (TVK 98) से 120 सीटें जीतकर डीएमके (DMK) (92-110 सीटें) को कड़ी चुनौती दे सकती है। एआईएडीएमके (AIADMK) इस दौड़ में पीछे नजर आ रही है।
असम: BJP की लगातार तीसरी जीत के संकेत
126 सीटों वाले असम (Assam) (बहुमत 64) में 85.5% मतदान दर्ज किया गया है। एग्जिट पोल्स के अनुसार यहां सत्ता में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने जा रहा है।
एक्सिस माई इंडिया, मैट्रिज, और पॉल डायरी (Axis My India, Matrize, Poll Diary) जैसे प्रमुख सर्वेक्षणों ने बीजेपी (BJP) नेतृत्व वाले एनडीए NDA को 85 से 100 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत का अनुमान दिया है।
वहीं कांग्रेस गठबंधन 24 से 36 सीटों तक सीमित रह सकता है, जबकि एआईयूडीएफ (AIUDF) का प्रभाव इस चुनाव में खास नहीं दिख रहा है।
पुडुचेरी: NDA फिर बनाएगी सरकार
30 सीटों वाले पुडुचेरी (Puducherry) (बहुमत 16) में इस बार 91.23% का रिकॉर्ड मतदान हुआ है।
एग्जिट पोल्स के अनुसार एन रंगास्वामी (N. Rangaswamy) के नेतृत्व में एनडीए (NDA) गठबंधन 16 से 25 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रख सकता है।
कांग्रेस-डीएमके (DMK) गठबंधन को 6 से 12 सीटें मिलने का अनुमान है। तमिलनाडु में चर्चा में रहने वाली टीवीके (TVK) का असर यहां सीमित रहने की संभावना जताई गई है।
अंतिम फैसला 4 मई को
एग्जिट पोल्स ने चुनावी माहौल को गर्म जरूर कर दिया है, लेकिन इन्हें अंतिम नतीजा नहीं माना जा सकता। अतीत में कई बार एग्जिट पोल गलत साबित हुए हैं।