काबुल के एक अस्पताल को निशाना बनाकर हवाई हमला किया गया है। इस हमले में कम से कम 400 लोगों की मौत होने की आशंका जतायी जा रही है। आरोप है कि पाकिस्तान ने काबुल के उक्त अस्पताल पर हमला किया है। अफगानिस्तान सरकार के डेप्यूटी प्रवक्ता हमदुल्ला फितरात का दावा है कि एक रिहैब अस्पताल पर पाकिस्तान ने हमला किया है।
उनका दावा है कि इस घटना में कम से कम 250 लोगों की मौत हो गयी है। हालांकि अफगानिस्तान की तालिबानी सरकार के इन आरोपों को पाकिस्तान ने मानने से इनकार कर दिया है।
तालिबानी सरकार का आरोप है कि सोमवार रात को करीब 9 बजे (स्थानीय समयानुसार) हमला किया गया था। यह हमला ओमिद आसक्ति चिकित्सा अस्पताल (Omid Addiction Treatment Hospital) पर किया गया था। इस अस्पताल में नशे के आदि लोगों का इलाज किया जाता है। अस्पताल में करीब 2000 बेड की सुविधा उपलब्ध है। इस हमले की वजह से नशा मुक्ति पुनर्वास केंद्र या अस्पताल का एक बड़ा हिस्सा नष्ट हो गया है। सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही है जिसमें पूरा इलाका आग की लपटों में घिरा हुआ नजर आ रहा है।
अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने दावा किया है कि इस हमले में कम से कम 200 लोगों की मौत हुई है। हालांकि हमदुल्ला फितरात ने बताया है कि मृतकों की संख्या 400 से पार चली गयी है। करीब 250 लोग घायल हैं। राहत व बचाव दल घटनास्थल पर आग को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके साथ ही मृतकों के अवशेषों को बरामद करने का काम जारी है। आशंका जतायी जा रही है कि हताहतों की संख्या बढ़ सकती है।
The Pakistani military regime carried out an airstrike at approximately 9:00 PM this evening on the Omid Addiction Treatment Hospital, a 2,000-bed facility dedicated to the treatment of drug addiction. As a result of the attack, large sections of the hospital have been destroyed,…
— Hamdullah Fitratحمدالله فطرت (@FitratHamd) March 16, 2026
गौरतलब है कि सोमवार को ही अफगानिस्तान और पाकिस्तान सीमा पर दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई थी। गोलीबारी की उक्त घटना में चार अफगान नागरिकों की मौत होने का दावा भी किया गया। इसके बाद ही यह हवाई हमला किया गया। तालिबान सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे पूरी तरह मानवता के सिद्धांतों के खिलाफ बताया है।
तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस्लामाबाद ने अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करते हुए यह हमला किया। उन्होंने यह भी बताया कि सभी हताहत उस अस्पताल में इलाज करा रहे थे।
हालांकि, पाकिस्तान ने काबुल के उस अस्पताल पर हमले के आरोपों को खारिज कर दिया है। उनका दावा है कि सिर्फ काबुल ही नहीं, बल्कि पूर्वी अफगानिस्तान में भी हमले किए गए लेकिन किसी भी आम नागरिक या रिहायशी इलाके को निशाना नहीं बनाया गया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ के प्रवक्ता का कहना है कि पाकिस्तान की सेना ने अफगानिस्तान में मौजूद आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाकर सटीक कार्रवाई की है।