🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

पाकिस्तान रुपए भेजने के आरोप में केरल पुलिस ने बांग्लादेशी युवक को किया गिरफ्तार, फर्जी पिता बनाकर की थी शादी

एजाजूल इस्लाम को अपना फर्जी पिता बताकर उसने मौसमी से शादी की। शादी के बाद से वह अपने ससुराल में ही रहता था।

पहले तो कुछ समझ में नहीं आया कि कुछ सालों पहले गांव की बेटी से जिस युवक की शादी हुई, जिसे गांव का दामाद माना जाता है उसे आखिर पुलिस ने हथकड़ियों में क्यों जकड़ रखा है? बाद में पता चला कि पाकिस्तान में रुपयों के लेनदेन के आरोप में अलिफ इस्लाम को केरल की पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

जांच के लिए उसे धुपगुड़ी लाया गया है। बताया जाता है कि पिछले महीने ही पाक जासूस होने के संदेह में मुर्शिदाबाद के गुधिया गांव से दो लोगों को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ भी पाकिस्तान से रुपयों का लेनदेन करने का आरोप था।

अलिफ इस्लाम ने बताया कि मोबाइल ऐप के माध्यम से वह रुपयों का लेनदेन करता था लेकिन पाकिस्तान रुपए भेजने के बारे में उसे कुछ नहीं पता। उसका दावा है कि एक दोस्त को उसने मोबाइल दिया था। उसी दोस्त ने पाकिस्तान में रुपए लेनदेन का काम किया था। हालांकि अलिफ के दावों पर पुलिस भरोसा नहीं कर रही है।

सूत्रों के अनुसार गुजरात से गिरफ्तार हुए 4 युवकों द्वारा पेश किए सबूत के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है। वह मूल रूप से बांग्लादेश के लालमणिरहाट का रहने वाला बताया जाता है। करीब 5 साल पहले धुपगुड़ी के पाटकीदह जाकईकोना इलाके की निवासी मौसमी परवीन से सोशल मीडिया पर उसकी पहचान हुई।

जान पहचान प्यार में बदला और 4 साल पहले सीमा पर कांटा तार की बाड़ को लांघकर अवैध रूप से वह भारत आ गया। भेमटिया इलाके के निवासी एजाजूल इस्लाम को अपना फर्जी पिता बताकर उसने मौसमी से शादी की। शादी के बाद से वह अपने ससुराल में ही रहता था। राजमिस्त्री का काम करने वह दो साल पहले केरल गया था।

5-6 महीना काम करने के बाद ससुराल आता और वापस केरल चला जाता। पत्नी मौसमी एक बार केरल गयी थी लेकिन उसे घर वापस भेज दिया गया। कुछ दिनों पहले ही मौसमी को उसकी गिरफ्तारी की खबर मिली लेकिन गांव के लोगों को कुछ नहीं पता था।

सोमवार को उसे लेकर जब केरल की पुलिस उसके गांव पहुंची तब ग्रामीणों को बताया गया कि गिरफ्तार युवक बांग्लादेश का रहने वाला है। उसके खिलाफ मामला दायर है। उसी मामले की जांच के लिए पुलिस धुपगुड़ी आयी है। प्राथमिक तौर पर युवक के खिलाफ पाकिस्तान रुपयों की लेन-देन का आरोप है। मामले की जांच की जा रही है, इसलिए अधिक जानकारी नहीं दी गयी। परिवार को देखकर युवक भावुक हो गया।

पत्नी ने बताया कि 4 साल पहले मुझसे शादी करने के लिए बांग्लादेश से आया था। बाद में काम के सिलसिले में दूसरे राज्य में चला गया था। मुझे भरोसा है कि इस काम में मेरा पति शामिल नहीं है। उसके दोस्त ने ही ऑनलाइन में पाकिस्तान में किसी का कुछ रिचार्ज कर दिया होगा। इसलिए पुलिस ने उसे पकड़ लिया है।

Articles you may like: