काम के सिलसिले में दूसरे राज्य में गए बंगाल के प्रवासी मजदूर पर फिर से हमला करने का मामला सामने आया है। इस बार मध्य प्रदेश में मालदह के प्रवासी मजदूर को पीटने का आरोप लगाया जा रहा है। आरोप है कि मालदह के कालियाचक के रामुनग्राम ग्राम पंचायत के पहाड़पुर निवासी शाएद शेख जब मध्य प्रदेश के सागर जिले के सुरकी थानांतर्गत सामनापुर गांव में कपड़े फेरी कर बेचने का काम कर रहा था, तब उसपर हमला बोला गया।
आरोप है कि उस पर तेज धारदार हथियार से वार किया गया और उसके रुपए भी छीन लिए गए। वर्तमान में वह बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में इलाजरत है।
आरोप है कि बांग्ला भाषा में बात करने पर उस पर जानलेवा हमला किया गया। परिवार का दावा है कि 9 दिनों पहले ही वह मध्य प्रदेश गए थे। पिछले लगभग 9 सालों से वह कपड़े फेरी कर बेचने का काम करते हैं। हाल ही में SIR के काम के लिए उनका परिवार पश्चिम बंगाल आया था और उसके बाद वापस मध्य प्रदेश लौट गए।
उनकी पत्नी व मां ने मीडिया को बताया कि मध्य प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में बांग्ला भाषा में बात करने पर समस्या होती है। उनका आरोप है कि बांग्ला भाषा में बात करने की वजह से ही शाएद शेख को मध्य प्रदेश में हिंसा का शिकार बनना पड़ा।
इस मामले को लेकर जिला प्रवासी मजदूर वेलफेयर बोर्ड के सदस्य शहीदूर रहमान सक्रिय हो गए हैं। उनका आरोप है कि राज्य के मजदूर भाजपा शासित राज्यों में बांग्ला भाषा में बात करने पर ही हमले का शिकार बन रहे हैं। वहीं भाजपा के मालदह दक्षिण सांगठनिक जिला अध्यक्ष अजय गंगोपाध्याय का कहना है कि वहां क्या घटना घटी है, जब तक इस बारे में पूरी जानकारी नहीं मिल जाती है तब तक कोई बयान नहीं देंगे।