शनिवार की रात को राजस्थान के कोटा में भरभराकर एक बहुमंजिला इमारत गिर गयी। उस बिल्डिंग में एक कैफे-रेस्तरां भी था जिसमें उस वक्त मौजूद था अरण्य कर्मकार। महज 18 साल का अरण्य कूचबिहार का रहने वाला है। इमारत के मलबे के नीचे दबकर जहां अरण्य की मौत हो गयी। वहीं उसकी मां सुदीप्ता कर्मकार बुरी तरह से घायल होकर इस समय अस्पताल में इलाजरत है।
महज 18 साल का अरण्य कर्मकार कूचबिहार के वार्ड नंबर 18 के पुरुषोत्तम पाड़ा का निवासी था। स्थानीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार ज्वाएंट एंट्रांस परीक्षा की तैयारी के लिए वह राजस्थान के कोटा में कोचिंग में पढ़ाई करने के लिए गया था। उसकी मां सुदीप्ता कर्मकार भी उसके साथ वहीं थी।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत उसके पिता अभिजीत कर्मकार रविवार की अहले सुबह ही कोटा के लिए रवाना हो गए। पड़ोसियों का कहना है कि उसकी दीदी मुंबई में रहती है जहां वह नर्स का काम करती है। यह हादसा कैसे हुए इस बारे में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।
स्थानीय एक व्यक्ति ने मीडिया से बताया कि सुबह करीब 7 बजे एक व्यक्ति ने फोन पर बताया कि कोटा में बहुमंजिला इमारत टूट कर गिर गयी जिसके नीचे दबकर अभिजीत दा के बेटे की मौत हो गयी। अभिजीत दा भी वहां गए हुए थे, 4 या 5 फरवरी को वह कूचबिहार में वापस लौट आए। हमारे पास भावनाओं को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं है।
गौरतलब है कि शनिवार की शाम को कोटा के जवाहर नगर इलाके में अचानक एक बहुमंजिला इमारत टूट कर गिर गया। जानकारी के अनुसार इमारत में कई रेस्तरां और कैफे थे। कोटा मेडिकल कॉलेज सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस घटना में घायल 10 लोगों को अस्पताल में लाया गया था। उनमें से 2 व्यक्तियों की मौत हो चुकी थी। दो लोग अभी तक अस्पताल में इलाजरत हैं जबकि अन्य को प्राथमिक चिकित्सा के बाद छोड़ दिया गया है।