मिदनापुर : मिदनापुर के श्री अरबिंदो स्टेडियम में जारी पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय महिला फुटबॉल टूर्नामेंट के पाँचवें दिन मुकाबले रोमांच और प्रतिस्पर्धा से भरपूर रहे। लीग चरण निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है और हर टीम महत्वपूर्ण अंक जुटाने के लिए पूरी ताकत झोंकती नजर आई। दिनभर चले मुकाबलों में तेज गति, सधे हुए पास और अनुशासित रक्षण ने दर्शकों को बांधे रखा।
सुबह 8:35 बजे दिन का पहला मैच एडमस यूनिवर्सिटी और उत्कल यूनिवर्सिटी के बीच खेला गया। कड़ा संघर्ष देखने को मिला लेकिन एडमस ने 1-0 से मुकाबला अपने नाम किया। निर्णायक क्षण तब आया जब जर्सी नंबर 14 प्रिया रुइदास ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। उत्कल ने बराबरी की कोशिश की पर एडमस की रक्षा पंक्ति अडिग रही।
इसके बाद विद्यासागर विश्वविद्यालय और रांची विश्वविद्यालय आमने-सामने आए। यह मुकाबला गोल रहित ड्रॉ पर समाप्त हुआ। दोनों टीमों ने मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन किया और मिडफील्ड में गेंद पर नियंत्रण बनाए रखने की कोशिश की। हालांकि कुछ अच्छे मूव बने लेकिन फिनिशिंग की कमी के कारण स्कोरबोर्ड नहीं बदल सका।
दोपहर 2:35 बजे उत्कल विश्वविद्यालय और विद्यासागर विश्वविद्यालय के बीच खेले गए मैच में विद्यासागर ने आक्रामक रुख अपनाया। पहले हाफ में सुजाता महाता ने बेहतरीन तालमेल से पहला गोल दागा। इसके बाद तुलसी हेम्ब्रम ने बढ़त को दोगुना कर उत्कल की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। 2-0 की जीत के साथ विद्यासागर ने महत्वपूर्ण तीन अंक हासिल किए।
दोपहर 2:50 बजे खेले गए मुकाबले में एडमस विश्वविद्यालय और रांची विश्वविद्यालय आमने-सामने थे। यह मैच भी बेहद प्रतिस्पर्धी रहा। रांची की ओर से जर्सी नंबर 9 अमीषा बक्सला ने एकमात्र गोल कर टीम को 1-0 से जीत दिलाई। एडमस ने वापसी की कोशिश की लेकिन रांची की रक्षापंक्ति ने बढ़त बरकरार रखी।
दिन के खेल के बाद लीग तालिका में एडमस विश्वविद्यालय शीर्ष पर कायम है। रांची विश्वविद्यालय दूसरे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि विद्यासागर विश्वविद्यालय तीसरे और उत्कल विश्वविद्यालय चौथे स्थान पर है। टूर्नामेंट जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, मुकाबले और अधिक रोमांचक होते जा रहे हैं।