रियाद : क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने सऊदी प्रो लीग के खिलाफ बगावत का रुख अपनाया है। ट्रांसफर मार्केट में बाकी क्लबों की तुलना में कम खर्च करना और रोनाल्डो की पसंद के खिलाड़ी साइन न करना यही उनकी नाराजगी की मुख्य वजह है। हाल ही में करीम बेंजेमा के क्लब बदलने से रोनाल्डो का गुस्सा और बढ़ गया है। इसी स्थिति में उन्होंने हाल ही में एक मैच नहीं खेला। खबर है कि वे एक और मैच का बहिष्कार भी कर सकते हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बीच सऊदी प्रो लीग ने रोनाल्डो को कड़ा संदेश दिया है।
सऊदी अरब सरकार की संस्था पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (PIF) सऊदी प्रो लीग के चार क्लबों की मालिक है- अल नासेर, अल इत्तिहाद, अल हिलाल और अल अहली। इन चारों क्लबों के खर्च से लेकर खिलाड़ियों की खरीद तक हर चीज में PIF की अहम भूमिका है। इसी बात से रोनाल्डो नाराज हैं। जनवरी ट्रांसफर विंडो में अल नासेर ने सिर्फ एक खिलाड़ी हैदर अब्दुलकरीम को साइन किया। दूसरी ओर अल इत्तिहाद छोड़कर करीम बेंजेमा अल हिलाल में शामिल हो गए। जहां बाकी क्लब जनवरी ट्रांसफर विंडो में बड़े नाम जोड़ रहे हैं वहीं अल नासेर के पीछे रह जाने से रोनाल्डो असंतुष्ट हैं। इसी वजह से वे क्लब मैनेजमेंट पर नाराज हैं।
हालांकि सऊदी प्रो लीग और अल नासेर रोनाल्डो की इस नाराजगी को खास तवज्जो नहीं दे रहे हैं। सऊदी प्रो लीग ने रोनाल्डो को साफ संदेश दिया है कि कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कोई भी हो, क्लब से ऊपर नहीं है।
लीग ने यह भी स्पष्ट किया कि भले ही PIF क्लबों में 75% हिस्सेदारी रखता हो लेकिन किस खिलाड़ी को खरीदा जाएगा और कितना खर्च होगा इसका फैसला क्लब मैनेजमेंट ही करता है। लीग के एक प्रवक्ता ने कहा कि सऊदी प्रो लीग की संरचना बहुत स्पष्ट है। हर क्लब एक ही कानून के तहत स्वतंत्र रूप से काम करता है। प्रत्येक क्लब का अपना बोर्ड है जो खिलाड़ी चयन, खर्च और योजनाओं पर फैसला करता है। क्रिस्टियानो के आने के बाद से टीम और लीग की प्रगति में उनकी अहम भूमिका रही है और वह जीतना चाहते हैं लेकिन कोई भी क्लब से ऊपर नहीं है। ट्रांसफर विंडो में हर क्लब की अलग योजना होती है और हम अपनी योजनाओं के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं।
अल नासेर को उम्मीद है कि शुक्रवार, 6 फरवरी को अल हिलाल के खिलाफ होने वाले मुकाबले में रोनाल्डो मैदान पर उतरेंगे।