कोलकाता के इडेन गार्डेंस मैदान में T20 विश्व कप का कल (9 फरवरी) को इटली और स्कॉटलैंड के बीच ग्रुप मैच होने वाला है। उससे ठीक पहले रविवार (8 फरवरी) को इटली की क्रिकेट टीम ने इडेन गार्डेंस में 32 बच्चों के साथ अभ्यास मैच खेला। इस अभ्यास मैच में कोलकाता के बच्चों (लड़के व लड़कियां) ने इटली की टीम को बॉलिंग की, उनकी गेंदों का सामना करते हुए बैटिंग भी की। इसके साथ ही इन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से उन्होंने खेल के कई टिप्स लिए जो निश्चित रूप से भविष्य में उनके काम आएगा।
इटली के खिलाड़ियों ने भी बच्चों को निराश न करते हुए उनसे हाथ मिलाया, टी-शर्ट पर ऑटोग्राफ दिया। शनिवार की दोपहर में कोलकाता एयरपोर्ट लैंड करने के बाद इटली के खिलाड़ी इडेन गार्डेंस पहुंचे जहां अभ्यास से पहले उन्होंने कुछ समय बच्चों के साथ गुजारा। इस दौरान बच्चों के साथ सिर्फ इटली के क्रिकेटर ही नहीं बल्कि उनके कोच मोहसीन शेख की मौजूदगी भी उल्लेखनीय रही जिन्होंने बच्चों या यूं कहें भविष्य के क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए गेंदबाजी की और उनकी गेंदों पर बैटिंग की। उन्होंने बच्चों को इस खेल के प्रति प्रेरित भी किया।
ICC और UNICEF की संयुक्त पहल 'क्रिकेट 4 गुड'(Cricket 4 Good) के तहत ही बच्चों को इटली के खिलाड़ियों के साथ समय बिताने और अभ्यास करने का मौका मिला। इस बारे में पश्चिम बंगाल के UNICEF प्रमुख डॉ. मंजूर हुसैन ने 'खेल का अधिकार' और बच्चों के लिए स्कूल व पास-पड़ोस में सुरक्षित माहौल बनाना ताकि उनका खेल व सम्पूर्ण विकास सुनिश्चित हो सके, के विषय में अपने विचार व्यक्त किए।
हुसैन ने कहा, "हमारे पास एक ऐसी जगह होनी चाहिए जहां सुरक्षित माहौल में आत्मविश्वास, खुशमिजाजी के साथ खेला जा सकें। क्रिकेट क्लिनिक के जरिए ICC और UNICEF बच्चों के खेल के अधिकार के बारे में प्रचार कर रहा है।"
बच्चों के साथ इस अनोखे अनुभव के बारे में बात करते हुए इटली के विकेटकिपर और बल्लेबाज जियान‑पिएरो मीडे (Gian-Piero Meade) ने बताया हमने बच्चों को खेल के गुर सिखाएं और बच्चों ने भी हमारे साथ ढेरों अनुभवों को साझा किया। हमने साथ मिलकर खूब मजे किए। बच्चों के खिले हुए चेहरे देख कर बहुत अच्छा लगा। मीडे ने बताया कि जब वह विकेट किपिंग कर रहे थे तब उन्होंने गौर किया कुछ बच्चों की तकनीक बहुत अच्छी है और कुछ तो फास्ट बॉलर थे।
इटली के खिलाड़ियों से मिले टिप्स के बारे में अपने अनुभवों को शेयर करते हुए हीरामन बैरागी, जो एक ऑलराउंडर बनना चाहता है, ने कहा कि इन अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों से मिलना किसी सपने के पूरा होने जैसा है। इनके सुझाव और टिप्स निश्चित रूप से मेरे भविष्य के मैच में काम आएंगे। इनके साथ बात करके मुझे बहुत प्रेरणा मिली। वहीं एक 14 वर्षीया बच्ची अनुष्का सरकार ने कहा कि इटालियन खिलाड़ियों ने हमसे इस खेल को एंजॉय करने के लिए कहा। मैंने उनसे खेलते वक्त अपनी फिटनेस का ध्यान रखना भी सीखा।