टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने रविवार को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ पाकिस्तान के T20 विश्वकप मैच बहिष्कार की कोई वजह मुझे समझ में नहीं आ रही है। पाकिस्तान सरकार के आदेश से PCB ने बांग्लादेश का साथ देने के लिए T20 विश्वकप में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का फैसला लिया।
इससे पहले सुरक्षा कारणों का बहाना बनाकर भारत में खेलने आने से बांग्लादेश ने इनकार करने के साथ ही उनके मैचों को श्रीलंका में स्थानांतरित करने का ICC से अनुरोध किया था। हालांकि उनका अनुरोध खारिज कर दिया गया था।
अपनी जिद्द पर अड़ा बांग्लादेश आखिरकार विश्वकप से ही बाहर हो गया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को मौका मिला। इस घटना के बाद PCB के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री से मुलाकात की जिसमें पाकिस्तानी सरकार ने खिलाड़ियों से 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले भारत के खिलाफ मैच में मैदान में उतरने से मना कर दिया।
हालांकि पाकिस्तान के सभी मैच श्रीलंका में ही हो रहे हैं और यह मैच भी श्रीलंका में ही होने वाला था। सौरव गांगुली का कहना है, "इसमें विश्वकप से पीछे हटने की क्या जरूरत थी? वे तो श्रीलंका में ही खेलेंगे। मैं हैरान हूं कि पाकिस्तान ने यह फैसला लिया। विश्वकप में हर प्वाएंट महत्वपूर्ण होता है।"
PCB ने ICC को पत्र लिखकर 'फोर्स मेजर' धारा का इस्तेमाल कर मैच को रद्द करने का अनुरोध किया है जिसे लेकर ICC और PCB की बैठक चल रही है। ICC के डेप्यूटी चेयरमैन इमराज खजा ने रविवार को लाहौर में नकवी के साथ बैठक की। इस बैठक में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमिनूल इस्लाम ने भी हिस्सा लिया।
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार भारत-पाकिस्तान का मैच आखिरकार होगा। मोहसिन नकवी के किसी भी तर्क को स्वीकार नहीं किया गया है। अगर पाकिस्तान इस मैच को नहीं खेलता है तो उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
भारत की आक्रामक बैटिंग स्टाइल का समर्थन करते हुए सौरव गांगुली ने कहा कि शनिवार को मुंबई में USA के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मैच में भारत की बैटिंग दबाव में आ गयी थी लेकिन यहीं तो T20 क्रिकेट है। आपको एक के बाद एक आक्रमण करना होगा। वे बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं और लंबे समय से यह कर रहे हैं। हां, कुछ मैच ऐसे भी होंगे जहां वे असफल होंगे क्योंकि वे सभी इंसान ही हैं।
सौरव गांगुली ने आगे कहा कि यह एक शक्तिशाली टीम है - बैटिंग, बोलिंग, स्पिन और फिल्डिंग हर क्षेत्र में शक्तिशाली। विश्वकप में जितना आगे बढ़ेंगे उतना अच्छा प्रदर्शन करेंगे। एक बार टूर्नामेंट शुरू हो जाने के बाद फ्लो आ जाता है। मैं भारत को अपना फेवरिट मानता हूं और उन्हें हराना बहुत मुश्किल होगा।