इस्लामाबाद : बांग्लादेश क्रिकेट के समर्थन में पाकिस्तान ने ICC के खिलाफ विद्रोह का ऐलान किया था। पूरे विश्व कप में खेलने के बावजूद उसने भारत के खिलाफ नहीं खेलने की बात कही थी लेकिन कुछ ही दिनों में यह विद्रोह खत्म हो गया। ICC के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद पाकिस्तान ने विश्व कप में भारत के खिलाफ खेलने का फैसला कर लिया है। इसके चलते 15 फरवरी को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे।
टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के साथ ICC के एक प्रतिनिधिमंडल ने बैठक की। लाहौर में हुई इस बैठक में ICC की ओर से डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा मौजूद थे। इस बैठक में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम भी शामिल थे। इससे पहले कोलंबो में ICC के CEO संजय गुप्ता ने PCB अधिकारियों के साथ बातचीत की थी।
रिपोर्ट के मुताबिक बैठक में ICC ने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि यदि वह 15 तारीख को कोलंबो में खेलने नहीं उतरा तो उस पर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। साथ ही यह भी कहा गया कि अगर सरकार के फैसले का पालन किया गया तो पाकिस्तान क्रिकेट को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच चर्चा हुई और अंततः पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच खेलने को राजी हो गया।
ICC ने पाकिस्तान से यह भी पूछा कि उसके खिलाफ नियम उल्लंघन का आरोप क्यों न लगाया जाए। ICC ने PCB से भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का कारण स्पष्ट करने को कहा। रिपोर्ट में बताया गया है कि PCB अधिकारी इसका कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।