मुंबईः सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी के बाद मुंबई के वानखेड़े में मिया मैजिक देखने को मिला, जिससे भारतीय टीम ने अमेरिका को 29 रन से हरा दिया और जीत के साथ अपने वर्ल्ड कप अभियान का आगाज किया। सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 84 रनों की पारी खेली थी और इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में भारतीय टीम के दिए 162 रन के लक्ष्य को हासिल करने उतरी यूएसए का शीर्ष क्रम लड़खड़ा गया। सलामी बल्लेबाज एंड्रियस गौस 6, सैतेजा मुक्कमल्ला 2, और कप्तान मोनांक पटेल बिना खाता खोले आउट हो गए। 13 पर 3 विकेट गंवा चुकी यूएसए को मिलिंद कुमार और संजय कृष्णमूर्ति ने संभाला और चौथे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी कर स्कोर को 71 तक ले गए। मिलिंद इसी स्कोर पर 34 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद 98 के स्कोर पर पांचवें विकेट के रूप में संजय कृष्णमूर्ति भी 37 रन बनाकर आउट हो गए।
इन दोनों की जोड़ी टूटने के बाद यूएसए का निचला क्रम ढह गया। शुभम रंजने के 22 गेंद पर बनाए 37 रन के बावजूद यूएसए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 132 रन बना सकी और 29 रन से मैच हार गई। भारत की तरफ से मोहम्मद सिराज ने 4 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट लिए। अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2, अक्षर पटेल ने 4 ओवर में 24 रन देकर 2, और वरुण चक्रवर्ती ने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट लिए।
इससे पहले, मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में कप्तान सूर्यकुमार यादव की नाबाद 84 रनों की पारी के दम पर भारत ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के अपने शुरुआती मुकाबले में अमेरिका के खिलाफ 20 ओवर में 161 रन बनाए और विरोधी टीम को जीत के लिए 162 का लक्ष्य दिया। टीम इंडिया की शुरुआत खराब हुई थी। अभिषेक गोल्डन डक हुए। इसके बाद शल्कविक ने 5वें ओवर में तीन विकेट झटके। टीम इंडिया ने पावरप्ले में ही चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद रिंकू सिंह और हार्दिक पांड्या भी सस्ते में पवेलियन लौटे लेकिन कप्तान ने एक छोर संभाले रखा और टीम के स्कोर को 150 पार पहुंचाया।
बता दें, मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में USA ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। टॉस के दौरान कप्तान सूर्या ने बताया कि बुमराह बीमारी की वजह से आज नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह सिराज को मौका दिया गया है। संजू सैमसन और वाशिंगटन सुंदर भी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं है। इसका मतलब है कि ईशान अभिषेक के साथ मिलकर भारत के लिए पारी की शुरुआत करेंगे। दूसरी तरफ अमेरिका 6 बल्लेबाज, दो ऑल-राउंडर और 3 गेंदबाजों के साथ खेल रहा है।
बता दें, भारत डिफेंडिंग चैंपियन है और उसकी नजरें जीत के साथ अपने वर्ल्ड कप अभियान का आगाज करने पर है। जबकि अपना दूसरा टी20 वर्ल्ड कप खेल रही यूएसए प्रभावित करने की कोशिश करेगी। दोनों देश 2024 वर्ल्ड कप में पहली और आखिरी बार भिड़े थी, तब भारत ने 7 विकेट से मैच अपने नाम किया था।
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतरी थी दोनों टीमें
भारत प्लेइंग इलेवन: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती।
संयुक्त राज्य अमेरिका प्लेइंग इलेवन: एंड्रीज़ गौस (विकेटकीपर), साईतेजा मुक्का मल्ला, मोनांक पटेल (कप्तान), मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, शुभम रंजने, हरमीत सिंह, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वैन शल्कविक, अली खान, सौरभ नेत्रावलकर।