हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 412 रन की बड़ी चुनौती रखी थी लेकिन इंग्लैंड की टीम इस लक्ष्य का पीछा करते हुए 311 रन पर ऑल आउट हो गई। इंग्लैंड के बल्लेबाज कैलेब फाल्कनर ने 67 गेंद में 115 रन की तूफानी पारी खेली लेकिन उनकी पारी इंग्लैंड को जीत नहीं दिला पाई।
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था
हालांकि भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पिछले मैच के हीरो आरोन जॉर्ज महज 9 रन बनाकर ही पवेलियन वापस लौट गए। उस वक्त भारत का स्कोर चार ओवर में 20 रन ही था।
लेकिन इसके बाद कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ मिलकर ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के गेंदबाजों को निशाने पर ले लिया और महज 55 गेंदों में 8 चौके और 8 छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया. इस लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही। जोसेफ़ मूर्स को अमब्रिश ने पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर पवेलियन वापस भेज दिया। उन्होंने 17 रन बनाए। इसके बाद बीजे डॉवकिंस ने बेन मेयस के साथ मिलकर इंग्लैंड की पारी को संभालने की कोशिश की. बीजे डॉवकिंस ने 66 और बेन मेयस ने 45 रन की पारी खेली। बेन को खिलन पटेल और बीजे डॉवकिंस को आयुष म्हात्रे ने पवेलियन वापस भेजा। एक समय इंग्लैंड के सात विकेट सिर्फ़ 177 रन पर गिर गए थे। लगातार गिरते हुए विकेटों के बीच कैलेब फाल्कनर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 7 छक्कों और 9 चौकों की मदद से 67 गेंद में 115 रन बनाए. जेम्स मिंटो ने 28 रन बनाकर फाल्कनर का साथ दिया लेकिन इंग्लैंड 40.2 ओवर में 311 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत के लिए अमब्रिश सबसे गेंदबाज साबित हुए। उन्होंने 9 ओवर में 56 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। इसके अलावा कनिष्क चौहान और दीपेष देववर्धन को दो-दो विकेट मिले।
टू़र्नामेंट के हीरो रहे वैभव सूर्यवंशी
सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 175 रन की पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 15 फॉर और 15 छक्के लगाए। इसके साथ ही वह अंडर-19 विश्व कप फाइनल मुकाबले में 150 रन बनाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए। क्रिकइऩ्फ़ो के मुताबिक़ वैभव सूर्यवंशी के इंग्लैंड के खिलाफ पुरुषों के 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में बनाया गया 175 का स्कोर यूथ वनडे क्रिकेट में किसी भी फाइनल या नॉकआउट मैच का अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 2025 एशिया कप फाइनल में भारत के खिलाफ समीर मिन्हास के 172 रन का था। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली के नाम था, जिन्होंने 2022 महिला वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 170 रन बनाए थे।
यूथ वर्ल्ड कप में सूर्यवंशी ने 1412 रन बनाए हैं। रन उन्हें किसी भी बल्लेबाज़ में चौथे सबसे ज़्यादा रन बनाने वाला खिलाड़ी बनाते हैं और भारत के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाला भी। उन्होंने इस मामले में विजय ज़ोल के 1404 रन का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने इनमें से 439 रन इसी वर्ल्ड कप में बनाए हैं, जिससे वह टूर्नामेंट के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ बन गए हैं।
ये रन किसी भी अंडर-19 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में किसी बल्लेबाज़ द्वारा बनाया गया पांचवां सबसे बड़ा स्कोर भी है और भारत के लिए दूसरा सबसे बड़ा, जिसमें उनसे आगे सिर्फ 2004 में शिखर धवन के 505 रन हैं।