कोलंबो : आखिरी समय में गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाते हुए पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार कर दिया है। पूरे विश्व कप में खेलने के बावजूद पाकिस्तान ने साफ कर दिया है कि वह भारत के खिलाफ नहीं खेलेगा। यह फैसला ऐसे समय पर आया है जब विश्व कप की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इससे आयोजकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है खास तौर पर श्रीलंका को क्योंकि इस बार भारत-पाकिस्तान मैच कोलंबो में होना था। मैच न होने से श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। इसी नुकसान से बचने के लिए श्रीलंका ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से अपील की है।
इस बार भारत-पाकिस्तान मैच के भरोसे श्रीलंका को बड़ी कमाई की उम्मीद थी। टिकटों की मांग भी काफी ज्यादा थी। सिर्फ इसी मैच के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी लेकिन एक फैसले ने सारी योजनाओं पर पानी फेर दिया। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड पहले से ही आर्थिक रूप से कमजोर है ऐसे में यह झटका उसके लिए कहीं ज्यादा बड़ा है। इसी वजह से पाकिस्तान से अनुरोध किया जा रहा है। इस मुद्दे पर श्रीलंका क्रिकेट की एग्ज़िक्यूटिव काउंसिल की बैठक भी हुई जहां पाकिस्तान से अपील करने का फैसला लिया गया।
NDTV में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार श्रीलंका क्रिकेट इस मैच को लेकर चिंतित है। अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ नहीं खेलता है तो बोर्ड की आय पर बड़ा असर पड़ेगा जिसका सीधा प्रभाव श्रीलंका की अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा। मैच न होने की स्थिति में ब्रॉडकास्टरों से होने वाली कमाई और ICC से मिलने वाले राजस्व हिस्से सब पर असर पड़ेगा।
पाकिस्तान को मनाने के लिए श्रीलंका अतीत का उदाहरण दे रहा है। 2009 में पाकिस्तान में खेलने के दौरान श्रीलंका क्रिकेट टीम आतंकवादी हमले का शिकार हुई थी। कई खिलाड़ी बाल-बाल बचे थे। इसके बावजूद श्रीलंका बाद में पाकिस्तान जाकर खेलने गया था जब पाकिस्तान क्रिकेट बेहद कठिन दौर से गुजर रहा था। अब वही द्वीपीय देश उस सहयोग का बदला चाहता है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि श्रीलंका क्रिकेट ने PCB को भेजे गए पत्र में लिखा है कि अगर भारत के खिलाफ मैच नहीं हुआ तो पर्यटन को भारी नुकसान होगा। होटल बुकिंग, फ्लाइट बुकिंग सब रद्द हो जाएंगी और छोटे व्यवसायियों को भी बड़ा झटका लगेगा।
वहीं कप्तानों की बैठक में भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया है कि टीम के कोलंबो के टिकट पहले ही बुक हो चुके हैं और भारत विश्व कप खेलने के लिए वहां जाएगा।