हरारे : एक बार फिर भारत एक और विश्व कप जीतने की दहलीज पर खड़ा है इस बार जूनियर टीम। आज शुक्रवार को अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में भारत और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे। इस पूरे विश्व कप में भारत का प्रदर्शन बेहद दमदार रहा है। खासकर सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ 311 रन का लक्ष्य हासिल करने के बाद टीम मानसिक रूप से काफी मजबूत है क्योंकि यह अंडर-19 विश्व कप के इतिहास में सबसे बड़ा रन चेज था। ऐसे में फाइनल में कांटे की टक्कर की उम्मीद कर रहे हैं समर्थक। सवाल है मैच कहां और कब देखें?
इस विश्व कप में भारत की जूनियर टीम अब तक एक भी मैच नहीं हारी है और अपराजित रहते हुए फाइनल में पहुंची है। टीम इस जीत की लय को बरकरार रखना चाहती है। अगर भारत यह विश्व कप जीतता है तो वह छठी बार अंडर-19 चैंपियन बनेगा जो सबसे ज्यादा खिताब जीतने का रिकॉर्ड होगा।
भारत बनाम इंग्लैंड: अंडर-19 फाइनल कहां और कब देखें?
भारतीय समयानुसार मैच दोपहर 1 बजे शुरू होगा। भारत में इस मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स के विभिन्न चैनलों पर और ऑनलाइन जियोहॉटस्टार पर मैच देखा जा सकेगा।
अंडर-19 विश्व कप के इतिहास में भारत सबसे सफल टीम है। भारत 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में चैंपियन बन चुका है। 2022 के विश्व कप फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को चार विकेट से हराकर खिताब जीता था। इस बार फिर सामने इंग्लैंड है और मंच है विश्व कप फाइनल का। दूसरी ओर इंग्लैंड ने 1998 में एक बार अंडर-19 विश्व कप जीता था।
भारत बनाम इंग्लैंड: अंडर-19 हेड टू हेड
अब तक दोनों टीमें कुल 55 मैचों में आमने-सामने आई हैं जिनमें भारत ने 41 और इंग्लैंड ने 13 मैच जीते हैं। अंडर-19 विश्व कप में भारत और इंग्लैंड नौ बार भिड़ चुके हैं जहां भारत ने सात मुकाबलों में जीत दर्ज की है।
इसलिए आंकड़ों और मौजूदा फॉर्म को देखें तो इस महामुकाबले में हर लिहाज से भारत आगे नजर आता है।