वडोदरा : विमेंस प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से हराकर RCB ने दूसरी बार WPL का खिताब अपने नाम किया। इस जीत को टीम की स्पिनर श्रेयांका पाटिल ने कप्तान स्मृति मंधाना को समर्पित किया। मैच के बाद उन्होंने यह बात सार्वजनिक रूप से कही।
2025 में विश्व कप जीतने के बाद स्मृति की शादी टूट गई। शादी के दिन की सुबह पलाश मुच्छल के अफेयर की खबर सामने आई। इसके बाद स्मृति ने पहले शादी स्थगित की और फिर उसे तोड़ने का फैसला लिया। उस कठिन दौर से निकलकर उन्होंने मैदान पर वापसी की और सफलता हासिल की। निजी जीवन के संघर्षों को स्मृति ने क्रिकेट के मैदान पर झेला और सिर्फ झेला ही नहीं बल्कि WPL फाइनल में 87 रनों की शानदार पारी खेलकर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी बनीं।
मैच के बाद श्रेयांका ने कैमरे के सामने कहा कि इस जीत के लिए मैं तीन लोगों का नाम लूंगी। सबसे पहले स्मृति क्योंकि पिछले कुछ महीनों में उन्हें बहुत तूफानों से गुजरना पड़ा है। यह जीत मैं उन्हें समर्पित करना चाहती हूं। इसके साथ ही उन्होंने कोच मालो और अनया को भी धन्यवाद दिया।
इस WPL में श्रेयांका ने 9 मैचों में 11 विकेट लिए हैं। RCB की ट्रॉफी जीत में उनकी भूमिका सबसे अहम रही।
स्मृति ने सिर्फ निजी जीवन की परेशानियों से ही नहीं बल्कि शारीरिक तकलीफों से भी लड़ाई लड़ी। ट्रॉफी जीत के बाद RCB के कोच मालोलन रंगराजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पिछले कुछ दिनों से स्मृति बुखार और सर्दी-खांसी से जूझ रही थीं। इसके बावजूद उन्होंने ऐसी पारी खेली। इसे शब्दों में बयान करना मेरे लिए मुश्किल है।