नयी दिल्लीः सूर्यकुमार यादव के T20 वर्ल्ड कप कैंपेन के शुरू होने से एक दिन पहले इंडियन यूथ टीम ने इतिहास लिख दिया है। वैभव सूर्यवंशी की टीम ने इंग्लैंड को हराकर 2026 अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता। इसके साथ ही भारत ने रिकॉर्ड छठवीं बार वर्ल्ड चैंपियन बनकर इतिहास लिख दिया है। यह टाइटल जीतने के बाद BCCI ने भारतीय युवा क्रिकेट टीम के लिए 7.5 करोड़ रुपये के इनाम का ऐलान किया है।
भारतीय युवा टीम को BCCI से मिल रहा है बड़ा इनाम
BCCI सेक्रेटरी देबजीत सैकिया ने शुक्रवार (6 फरवरी) को फाइनल में इंग्लैंड को हराने के बाद भारतीय अंडर-19 टीम की तारीफ की। उन्होंने कहा कि BCCI टीम की इस कामयाबी के लिए 7.5 करोड़ रुपये का कैश इनाम देगा। ANI को दिए एक इंटरव्यू में देवजीत सैकिया ने कहा, "पूरे देश और BCCI को 2026 U-19 वर्ल्ड कप जीतने के लिए हमारी युवा टीम पर गर्व है। जिस तरह से उन्होंने फाइनल में इंग्लैंड को हराया और पूरे टूर्नामेंट में बिना हारे रहे, वह सच में तारीफ के काबिल है। BCCI इस टीम के लिए 7.5 करोड़ रुपये की इनामी राशि की घोषणा कर रहा है।"
PM का संदेश
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के लिए U-19 टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा, "भारत का क्रिकेट टैलेंट एक बार फिर चमका है। वर्ल्ड कप जीतने के लिए हमारी U-19 टीम पर गर्व है। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में असाधारण स्किल्स दिखाई हैं। यह जीत कई युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।" भारतीय U-19 टीम ने जिम्बाब्वे के हरारे में हुए फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से हराकर अपना छठा वर्ल्ड कप खिताब जीता।
ICC ने क्या दिया?
ICC U-19 वर्ल्ड कप को युवा क्रिकेटरों को तैयार करने के लिए एक डेवलपमेंटल टूर्नामेंट के तौर पर देखता है। इसलिए ICC इस कॉम्पिटिशन में हिस्सा लेने वाली टीमों को कोई अलग से प्राइज मनी नहीं देता है। वजह यह कि टीमों को ICC की इनकम का एक हिस्सा क्रिकेट डेवलपमेंट फंड के तौर पर पहले से ही मिलता है। चूंकि इस टूर्नामेंट को डेवलपमेंट का हिस्सा माना जाता है, इसलिए अगर प्राइज अलग से दिया जाता है तो यह डबल प्राइज हो जाता है।
भले ही भारतीय युवा टीम को ICC से कोई इनाम न मिला हो। BCCI हमेशा अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम को बड़ी रकम इनाम में देता है। इस बार भी ऐसा ही है।