नई दिल्ली : अमेरिका के खिलाफ मैच जीतकर भारत ने 2026 टी-20 विश्व कप अभियान की शुरुआत कर दी है। इसी बीच भारतीय खेमे से एक अच्छी खबर सामने आई है। 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ टी-20 विश्व कप मुकाबले से पहले वॉशिंगटन सुंदर दिल्ली में टीम से जुड़ने वाले हैं। मुंबई में अमेरिका के खिलाफ जीत के बाद यह जानकारी भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दी।
मैच के बाद सूर्य ने कहा कि वाशी (वॉशिंगटन सुंदर) हमारे साथ दिल्ली में जुड़ रहे हैं। वह ठीक हैं। सब कुछ सही है।
करीब एक महीने पहले वॉशिंगटन सुंदर ने आखिरी बार कोई प्रतिस्पर्धी मैच खेला था। न्यूज़ीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में बड़ौदा में गेंदबाजी करते समय वह चोटिल हो गए थे। इसी वजह से वह सीरीज के बाकी मैचों और उसके बाद होने वाले पांच टी-20 मुकाबलों में नहीं खेल सके। इसके बाद उन्होंने BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में दोबारा बल्लेबाजी अभ्यास शुरू किया और धीरे-धीरे ट्रेनिंग का भार बढ़ाया गया।
BCCI ने उनकी चोट की सटीक प्रकृति सार्वजनिक नहीं की थी लेकिन यह जानकारी सामने आई थी कि साइड स्ट्रेन के साथ-साथ उनकी पसलियों के पास हल्का फ्रैक्चर भी था जिसके कारण मैच फिट होने में समय लगा। बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जाने से पहले उन्होंने डॉक्टर दिनशा पारदीवाला से भी परामर्श लिया था। शुरुआती चरण में दर्द कम करने और चोट से उबरने पर जोर दिया गया। यहां तक कि पहले बल्लेबाजी सत्र के दौरान भी चोटिल पसली के पास कुछ दर्द महसूस हो रहा था।
16 जनवरी को BCCI ने एक बयान में बताया था कि न्यूज़ीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में गेंदबाजी करते समय वॉशिंगटन सुंदर को पसलियों के निचले हिस्से में दर्द महसूस हुआ। स्कैन और विशेषज्ञ से प्रत्यक्ष परामर्श के बाद साइड स्ट्रेन की पुष्टि हुई और कुछ दिनों के आराम के बाद उन्हें BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करने को कहा गया।
इस स्थिति में भारतीय टीम प्रबंधन ने जल्दबाजी में विश्व कप स्क्वाड में उनके विकल्प की तलाश नहीं की। हालांकि टीम प्रबंधन के पास अतिरिक्त विकल्प मौजूद हैं।
बीमार बुमराह और अभिषेक शर्मा
जसप्रीत बुमराह बीमारी के कारण टूर्नामेंट का पहला मैच नहीं खेल पाए। इसी वजह से अमेरिका के खिलाफ मुकाबले में दूसरी पारी के दौरान ओपनर अभिषेक शर्मा भी मैदान पर नहीं उतरे। उन्हें डगआउट में भी नहीं देखा गया जिसके चलते फील्डिंग कोच टी. दिलीप को पानी पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी पड़ी।
मैच के बाद खिलाड़ियों के हाथ मिलाने के दौरान भी अभिषेक नजर नहीं आए। बाद में सूर्यकुमार यादव ने पुष्टि की कि बुमराह और अभिषेक दोनों अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं। सूर्य ने कहा कि मौसम की वजह से बुमराह को बुखार था। अभिषेक भी इसी तरह बीमार पड़ गया।
हालांकि मोहम्मद सिराज ने बताया कि अभिषेक की मुख्य समस्या पेट खराब होना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नामीबिया के खिलाफ अगले मैच में अभिषेक मैदान पर लौटेंगे। सिराज ने कहा कि सब ठीक है। उसका पेट थोड़ा खराब था, इसलिए वह फील्डिंग के लिए नहीं उतरा। अगले मैच में वह बल्ले से अपना जादू दिखाएगा।