नई दिल्ली: फुटबॉल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। इंडियन सुपर लीग यानी आईएसएल के प्रसारण को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर अब विराम लग गया है। टीवी पर अपनी पसंदीदा टीम का मैच देख पाएंगे या नहीं, इसको लेकर जो संशय बना हुआ था, वह खत्म हो गया है। आखिरी समय में बड़ा सरप्राइज देते हुए आईएसएल अब सोनी नेटवर्क के जरिए दर्शकों के ड्रॉइंगरूम तक पहुंचेगा।
अब तक दर्शक पहले स्टार स्पोर्ट्स और बाद में जियो हॉटस्टार पर आईएसएल देखने के आदी थे लेकिन पिछले साल 8 दिसंबर को एफएसडीएल और एआईएफएफ के बीच 15 साल की मार्केटिंग साझेदारी खत्म होने के बाद संकट पैदा हो गया था। मीडिया अधिकार पाने वाले डिजिटल प्लेटफॉर्म फैनकोड ने अब टीवी प्रसारण के लिए सोनी के साथ करार किया है। यानी सोनी के चार स्पोर्ट्स चैनलों पर रोमांचक फुटबॉल मुकाबले देखे जा सकेंगे।
सबसे बड़ी खबर यह है कि फिलहाल हिंदी और अंग्रेजी कमेंट्री के साथ मैचों का प्रसारण शुरू होगा लेकिन भविष्य में सोनी आठ चैनल पर बंगाली कमेंट्री में मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के मैच दिखाए जाने की भी संभावना है। इसके साथ ही मोबाइल पर फैनकोड ऐप के जरिए स्ट्रीमिंग भी उपलब्ध रहेगी। 14 फरवरी से 14 टीमों के साथ इस सीजन का आईएसएल शुरू हो रहा है। ऐसे में फुटबॉल के इस महाउत्सव के लिए तैयार हो जाइए।