कोलकाता : आईएसएल के लिए मोहम्मडन एससी ने अपनी टीम की घोषणा कर दी है। स्वाभाविक रूप से टीम में कोई विदेशी फुटबॉलर नहीं है। विदेशी खिलाड़ियों का भुगतान बकाया रहने के कारण फीफा ने क्लब पर प्रतिबंध लगा दिया था।
हालांकि अधिकारियों ने बकाया राशि चुकाकर प्रतिबंध हटा लिया लेकिन तब तक सेकेंड ट्रांसफर विंडो बंद हो चुकी थी। इसलिए किसी विदेशी खिलाड़ी को साइन करने का मौका नहीं मिल सका। नतीजतन आईएसएल में पहली बार मौका पाने के बावजूद मोहम्मडन को बिना विदेशी खिलाड़ियों के ही टीम उतारनी होगी। कोच मेहराजउद्दीन वाडू के लिए यह बड़ी चुनौती है।
हालांकि मोहम्मडन की स्वदेशी ब्रिगेड कमजोर नहीं है। 27 सदस्यीय टीम में कई अच्छे खिलाड़ी शामिल हैं। गोलकीपर पदम छेत्री टीम में हैं। फॉरवर्ड लाइन में मणिपुर और मिजोरम के स्ट्राइकर शामिल हैं जिन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है।
कोच मेहराज के लिए भी यह आईएसएल एक बड़ी परीक्षा है। विदेशी कोचों की भीड़ में वह एक भारतीय कोच के रूप में खुद को साबित करने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भी समझाया है कि इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने पर राष्ट्रीय टीम के दरवाजे खुल सकते हैं।
इस बार मोहम्मडन के पास कोई निवेशक नहीं है। सभी खर्च क्लब अधिकारियों को ही उठाने पड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पहल से किशोर भारती स्टेडियम का किराया नहीं देना पड़ रहा है। इसके लिए क्लब के सचिव इस्तियाक अहमद राजू ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया है।