🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

माध्यमिक की परीक्षा के दौरान अचानक सिलिंडर में हुआ विस्फोट, बाल-बाल बचे 200 परीक्षार्थी

विस्फोट इतना तेज था कि स्कूल परिसर के साथ ही आसपास के इलाके भी कांप उठे।

By Moumita Bhattacharya

Feb 02, 2026 16:12 IST

माध्यमिक परीक्षा के पहले दिन ही कुछ ऐसा हुआ जिसकी वजह से आतंक का माहौल फैल गया है। सुबह से सब कुछ सामान्य रूप से चल रहा था कि अचानक विस्फोट की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। घटना कुचबिहार के तुफानगंज के ब्लॉक नंबर 1 के नाककटियागाछ हाई स्कूल की बतायी जाती है।

बताया जाता है कि स्कूल में मिड डे मील का भोजन पक रहा था उसी समय अचानक सिलिंडर में विस्फोट हो गया। इस घटना की वजह से लगभग 200 माध्यमिक परीक्षार्थियों की जान बाल-बाल बची है।

बताया जाता है कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन से इस मामले में बातचीत की है।

मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को स्कूल में मिड डे मील का भोजन पक रहा था। अचानक गैस के पाइप से लिकेज़ होने लगा और उससे ही आग लग गयी। बताया जाता है आग तुरंत सिलिंडर तक पहुंच गयी। कोई कुछ समझ पाता उससे पहले ही तेज आवाज के साथ सिलिंडर में विस्फोट हो गया।

हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट में यह भी दावा किया जा रहा है कि माध्यमिक की परीक्षा शुरू होने से पहले स्कूल की शिक्षिकाएं कॉमन रूम में गैस के ओवन पर चाय का पानी उबाल रही थी उसी समय अचानक सिलिंडर में आग पकड़ लेता है। दावा किया जा रहा है कि इसके बाद पुलिस कर्मियों ने जलते हुए सिलिंडर को उठा कर स्कूल के मैदान में रख दिया जहां आग को नियंत्रित करने की कोशिशें की गयी। दमकल को भी सूचना दी गयी थी लेकिन दमकल के पहुंचने से पहले ही तेज आवाज के साथ सिलिंडर में विस्फोट हो गया।

विस्फोट इतना तेज था कि स्कूल परिसर के साथ ही आसपास के इलाके भी कांप उठे। माध्यमिक की परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थी भी काफी डर गए। मौके पर तुरंत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए। उनके साथ ही उस समय स्कूल के बाहर इंतजार कर रहे अभिभावक भी मौके पर दौड़े-दौड़े पहुंचे।

हालांकि शिक्षकों के आश्वासन के बाद स्कूल के छात्र और परीक्षार्थी शांत हुए। कुछ देर बाद परीक्षार्थी फिर से परीक्षा देने के लिए वापस लौट गए। घटना की जानकारी जैसे ही माध्यमिक शिक्षा बोर्ड तक पहुंची, बोर्ड के अधिकारियों ने तुरंत स्कूल के अधिकारियों से बात की और परिस्थिति का जायजा लिया।

Prev Article
भारी मालवाही गाड़ी के चढ़ते ही भरभराकर टूटी ब्रिज
Next Article
भूकंप के झटकों से कांपी सिक्किम की धरती, जानें रिक्टर स्केल पर कितनी रही तीव्रता

Articles you may like: