🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

युवक को जिंदा जलाने की कोशिश, माथाभांगा की सड़कों पर दौड़ता दिखा 'बर्निंग मैन', 5 गिरफ्तार

प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला कि कुछ परिचित युवक सप्तर्षी को घर से खींचकर बाहर लेकर आए और उसे आग लगा दी।

शरीर का ऊपरी हिस्सा - गर्दन, पीठ से लेकर कमर तक आग की लपटों से घिरा हुआ है। ऐसी स्थिति में 19 वर्षीय सप्तर्षी पटवारी सड़क पर दौड़ता जा रहा है। बुधवार की दोपहर को कूचबिहार के माथाभांगा उनीशविशा गांव में जिसने भी यह नजारा देखा उसके रोंगटे ही खड़े हो गए। गंभीर रूप से घायल अवस्था में सप्तर्षी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। प्राथमिक जांच में पुलिस को पता चला कि कुछ परिचित युवक सप्तर्षी को घर से खींचकर बाहर लेकर आए और उसे आग लगा दी।

आग लगाने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। घटना के बाद पुलिस ने 5 आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस व स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार होली वाले दिन सप्तर्षी घर पर ही था। वह ज्वाएंट की परीक्षा देने वाला था जिसकी तैयारी कर रहा था। होली खेलने नहीं गया था। दोपहर में 5 युवक उसे बुलाने आए। उनके साथ सप्तर्षी बाहर निकल गया। आरोप है कि घर के गेट के पास ही उसपर ग्रीस जैसी किसी चीज को स्प्रे किया गया। इसके बाद माचिस से आग लगा दी गयी।

सप्तर्षी के दोनों हाथों और पीठ पर तुरंत आग धधकने लगी। इसके बाद ही चीखते हुए उसने दौड़ना शुरू कर दिया। सप्तर्षी की हालत देखकर तुरंत आसपास के लोग उसे बचाने के लिए दौड़ पड़े। किसी प्रकार से आग बुझायी गयी। बताया जाता है कि सप्तर्षी के शरीर के पीछे वाला हिस्सा पूरी तरह से झुलस गया है। तुरंत उसे घोकसाडंगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। लेकिन उसकी स्थिति बिगड़ने लगी। आखिरकार एक निजी अस्पताल में उसे स्थानांतरित कर दिया गया। फिलहाल वहीं उसका इलाज चल रहा है।

बताया जाता है कि सप्तर्षी को आग लगाकर भागने की कोशिश कर रहे पांचों युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। सप्तर्षी के चाचा स्वराज पटवारी ने युवकों के खिलाफ घोकसाडांग थाना में लिखित शिकायत दर्ज करवायी है। उन्होंने भतीजे को जान से मारने का आरोप लगाया है। लेकिन सप्तर्षी पर यह जानलेवा हमला क्यों किया गया यह अभी तक उसकी दीदी ऑलिविया पटवारी को समझ में नहीं आ रहा है।

पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि आरोपी युवक के पूर्व परिचित थे। बताया जाता है कि युवक पर पहले भी हमला किया गया था लेकिन उस समय सप्तर्षी के परिवार में से किसी ने भी थाना में शिकायत दर्ज नहीं करवायी थी। गुरुवार को सभी आरोपियों को माथाभांगा अदालत में पेश किया गया जहां उन्हें पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Prev Article
अगर चुनाव जीते तो इस्लामपुर कहलाएगा 'ईश्वरपुर'! भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन की घोषणा

Articles you may like: