पिछले सप्ताह ही अपने फैंस से लेकर इंडस्ट्री के लोगों तक को चौंकाते हुए हजारों दिलों की धड़कन अरिजीत सिंह ने प्लेबैक गायन से रिटायरमेंट की घोषणा कर दी। उनके इस फैसले ने एक बार फिर से बॉलीवुड में लॉबीबाजी की सुगबुगाहट को तेज कर दिया है। हालांकि अरिजीत सिंह को लेकर कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कयास लगाया जा रहा है कि आने वाले विधानसभा चुनावों में वह किसी पार्टी में शामिल भी हो सकते हैं।
बहरहाल, वजह चाहे जो भी रही हो लेकिन अरिजीत सिंह के फैंस उनके इस फैसले से काफी मायूस हैं। इस बीच सोमवार की सुबह-सुबह मुर्शिदाबाद के जियागंज से कुछ ऐसी खबरें सामने आयी है जिसने अरिजीत सिंह को फिर से चर्चाओं में ला दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान खुद अरिजीत सिंह के जियागंज स्थित घर पहुंच गए। पर अचानक क्यों?
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार की रात को ही आमिर खान कोलकाता आए। सोमवार की सुबह वह कोलकाता से सड़क मार्ग से मुर्शिदाबाद के जियागंज के लिए रवाना हुए। बताया जाता है कि अरिजीत सिंह के घर पहुंचने के बाद आमिर खान ने वहां जमा हुए आस-पड़ोस के लोगों का हाथ उठाकर अभिवादन किया और घर के अंदर चले गए। अरिजीत सिंह के साथ आमिर खान ने दोपहर में लंच भी किया।
अरिजीत सिंह अपने खाली समय में अक्सर जियागंज की गलियों में घूमते-फिरते दिख जाते हैं। आमिर खान के लिए अरिजीत सिंह ने फिल्म 'दंगल' में 'तेरे हवाले...' और 'गिलहरियां' गाना गाया था। बताया जाता है कि उसी समय से दोनों के बीच की दोस्ती भी काफी गहरी हो गयी है। पर आमिर खान अचानक जियागंज में क्यों आएं?
सूत्रों का दावा है कि अरिजीत सिंह के रिटायरमेंट के फैसले को लेकर एक बार फिर से सोचने का अनुरोध करने के लिए आमिर खान अचानक उनके घर पहुंचे हैं। Zee मीडिया की रिपोर्ट में बताया जाता है कि आमिर खान अपने अगले मेगा प्रोजेक्ट में बतौर प्लेबैक सिंगर अरिजीत सिंह की आवाज ही चाहते हैं। इसके अलावा जियागंज में अरिजीत सिंह समाज सेवा से जुड़े जो काम करते हैं, आमिर खान उसके भी मुरीद हैं। इस वजह से दावा किया जा रहा है कि अरिजीत सिंह को मनाने के लिए ही आमिर खुद जियागंज पहुंचे हैं। हालांकि इस बारे में न तो आमिर खान और न ही अरिजीत सिंह, किसी ने भी पुष्टि नहीं की है और न ही उनकी टीम ने कोई जानकारी साझा किया है।