बॉलीवुड के रोमांटिक सिंगर अरिजीत सिंह ने फैंस को हैरान कर दिया है। मंगलवार सुबह उन्होंने अपने ऑफिशियल फेसबुक प्रोफाइल पर पोस्ट शेयर करते हुए साफ कर दिया कि अब वह प्लेबैक सिंगर के तौर पर कोई काम नहीं करेंगे।
पोस्ट में अरिजीत ने लिखा, "सभी को नए साल की शुभकामनाएं। इतने सालों तक सुनने वालों के तौर पर आपने जो प्यार दिया है, उसके लिए आप सभी का शुक्रिया। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मैं अब प्लेबैक गाना नहीं गाऊंगा। यह एक अविश्वसनीय सफर रहा।"
हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके पहले किए गए वादों के अनुसार, जो गाने इस साल रिलीज होने वाले हैं, उन्हें वह पूरा करेंगे। उन्होंने फैंस से भरोसा दिलाया कि उनकी म्यूजिकल जर्नी खत्म नहीं हुई है और अब वह इंडिपेंडेंट आर्टिस्ट के तौर पर अपने नए प्रोजेक्ट्स पर ध्यान देंगे।
अरिजीत ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में आगे लिखा, "भगवान मुझ पर मेहरबान हैं। मैं अच्छे गानों का फैन हूं। मैं भविष्य में और सीखूंगा और खुद एक छोटे आर्टिस्ट के तौर पर और काम करूंगा। सभी के सपोर्ट के लिए एक बार फिर शुक्रिया।"
अरिजीत सिंह ने 2011 में फिल्म 'मर्डर 2' के गाने 'फिर मुहम्मद' से अपने प्लेबैक करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने 'तुम ही हो', 'रंग दे तू मोहे गेरुआ', 'चन्ना मेरेया', 'शिवाय' और कई सुपरहिट गाने गाए। उनकी आवाज ने बॉलीवुड रोमांटिक गानों में एक अलग पहचान बनाई और उन्हें करोड़ों फैंस तक पहुंचाया।
इस ऐलान से फैंस का दिल जरूर टूट गया है, लेकिन अरिजीत के लिए यह एक नया दौर है। अब वह इंडिपेंडेंट म्यूजिक और खुद के प्रोजेक्ट्स पर ध्यान देंगे, जिससे उन्हें नए एक्सपेरिमेंट करने और अपनी क्रिएटिविटी को आगे बढ़ाने का मौका मिलेगा।
अरिजीत ने कहा कि प्लेबैक गाने बंद करने का मतलब यह नहीं कि उन्होंने संगीत से दूरी बना ली है। बल्कि वह अब अपने तरीके से, अपनी पसंद और स्टाइल में म्यूजिक क्रिएट करेंगे और नए फॉर्मेट में अपने फैंस से जुड़े रहेंगे।
फैंस के लिए राहत की बात यह है कि इस साल उनके कई गाने रिलीज होंगे, जो उन्होंने पहले ही रिकॉर्ड कर लिए हैं। इसके साथ ही उनके नए इंडिपेंडेंट प्रोजेक्ट्स का इंतजार भी शुरू हो गया है।