🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

पश्चिम एशिया संकट के बीच IPL ने जारी किया यूरिया टेंडर, सरकार सुनिश्चित कर रही कृषि आपूर्ति

वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत जरूरी कृषि संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए रणनीतिक कदम उठा रहा है।

By राखी मल्लिक

Apr 05, 2026 12:05 IST

नई दिल्ली : पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव के बीच देश में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने आयात प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी क्रम में Indian Potash Limited ने यूरिया के बड़े पैमाने पर आयात के लिए अंतरराष्ट्रीय टेंडर जारी किया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर दबाव बना हुआ है। पश्चिम एशिया उर्वरक उत्पादन और निर्यात के लिए से अहम क्षेत्र है और वहां की स्थिति का असर अंतरराष्ट्रीय बाजार पर पड़ रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए उर्वरक विभाग के समन्वय में यह पहल की गई है।

टेंडर के तहत करीब 25 लाख मीट्रिक टन यूरिया की खरीद की योजना बनाई गई है। इसमें से लगभग 15 लाख मीट्रिक टन पश्चिमी तट के बंदरगाहों के जरिए और 10 लाख मीट्रिक टन पूर्वी तट के रास्ते देश में लाया जाएगा, ताकि विभिन्न क्षेत्रों में संतुलित आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

इस वैश्विक निविदा में अंतरराष्ट्रीय स्तर के उत्पादक, निर्माता और ट्रेडिंग कंपनियां हिस्सा ले सकेंगी। इच्छुक कंपनियों को 15 अप्रैल तक अपने प्रस्ताव जमा करने होंगे, जो तय तकनीकी मानकों और प्रक्रियाओं के अनुरूप होने चाहिए।

सरकार का मानना है कि इस तरह के अग्रिम कदम कृषि क्षेत्र को वैश्विक अनिश्चितताओं से बचाने में मदद करेंगे। केंद्र लगातार उर्वरक की उपलब्धता पर नजर रखे हुए है और बफर स्टॉक बनाए रखने के लिए आयात बढ़ा रहा है, ताकि बुवाई के अहम समय में किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।

Indian Potash Limited देश की उर्वरक आपूर्ति व्यवस्था में अहम भूमिका निभाती है। यह संस्था उर्वरक विभाग के अधीन काम करती है और यूरिया व पोटाश जैसे उर्वरकों के आयात, वितरण और विपणन का जिम्मा संभालती है। अपने व्यापक नेटवर्क के जरिए यह कंपनी देश के दूर-दराज इलाकों तक उर्वरक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देती है।

हालिया टेंडर से साफ है कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत जरूरी कृषि संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए रणनीतिक कदम उठा रहा है।

Articles you may like: