दुबई : पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बीच दुबई में सोने की कीमतों पर बड़ी छूट मिल रही है। वहीं दूसरी ओर भारत में सोने की कीमत रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई है। देश में 10 ग्राम सोने की कीमत लगभग 1 लाख 60 हजार रुपये के करीब है। इसलिए कई भारतीय यात्री दुबई से सोना लाने के बारे में सोच रहे हैं। हालांकि भारत में सोना लाने के लिए कुछ तय नियम और शुल्क लागू हैं।
पहले भारतीय यात्रियों के लिए सोने के आभूषण लाने के मामले में दो तरह की सीमा होती थी— वजन की सीमा और कीमत की सीमा। 2016 के नियम के अनुसार कोई महिला यात्री अधिकतम 40 ग्राम सोने के आभूषण ला सकती थी, लेकिन उन आभूषणों की कीमत 1 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए थी। अब सोने की कीमत काफी बढ़ जाने के कारण यह सीमा व्यावहारिक रूप से बहुत कम हो गई थी।
2026 के नए बैगेज रुल्स में कीमत की यह सीमा हटा दी गई है। अब कुछ निश्चित यात्रियों के लिए ड्यूटी में छूट केवल वजन के आधार पर तय होगी। यह सुविधा उन भारतीय नागरिकों या भारतीय मूल के पर्यटकों को मिलेगी, जो लगातार एक साल से अधिक समय तक विदेश में रहे हैं।
नए नियम के अनुसार ड्यूटी-फ्री सोने के आभूषण की सीमा इस प्रकार है—
महिला यात्री : अधिकतम 40 ग्राम
पुरुष यात्री : अधिकतम 20 ग्राम
15 वर्ष से कम आयु के बच्चे : अधिकतम 40 ग्राम
इस नियम के तहत 40 ग्राम आभूषण की मौजूदा बाजार कीमत लगभग 6 लाख रुपये के करीब हो सकती है, फिर भी यदि वजन सीमा के भीतर है तो इसे बिना ड्यूटी के लाया जा सकता है। यहां आभूषण से मतलब सोना, चांदी या प्लैटिनम के गहनों से है। इनमें कीमती पत्थर जड़े आभूषण भी शामिल हो सकते हैं।
सोने की बार, सिक्के या बिस्किट के मामले में कोई ड्यूटी-फ्री सुविधा नहीं है। चाहे 1 ग्राम का सिक्का हो या 100 ग्राम की बार हर मामले में हवाई अड्डे पर Red Channel से इसकी घोषणा करनी होगी।
विदेश में रहने की अवधि के आधार पर कच्चे सोने पर लगने वाला शुल्क अलग-अलग होता है। अगर कोई व्यक्ति विदेश में छह महीने से अधिक समय तक रहा है, तो कुछ शर्तों के साथ अधिकतम 1 किलोग्राम तक सोना लाया जा सकता है। इस पर लगभग 6 प्रतिशत शुल्क देना होता है, जिसमें 5 प्रतिशत Basic Customs Duty और 1 प्रतिशत AIDC शामिल है। यह शुल्क विदेशी मुद्रा में देना पड़ता है।
अगर विदेश में रहने की अवधि छह महीने से कम है, तो काफी अधिक शुल्क देना पड़ता है। ऐसे मामलों में आम तौर पर लगभग 38.5 प्रतिशत हैंड बैगेज शुल्क लगाया जाता है।