वसंत के शुरुआत में ही मौसम ने अपना रुख बदला और कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में अचानक तेज बारिश हुई। हालांकि मौसम विभाग ने कुछ दिनों पहले ही बारिश का पूर्वानुमान लगाया था। सोमवार की देर रात से कोलकाता और दक्षिण बंगाल के जिलों में बारिश शुरू हो गयी है।
मंगलवार की भोर में बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाओं के झोंकों ने मौसम पूरी तरह से बदल दिया। बताया जाता है कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र की वजह से ही दक्षिण बंगाल में बारिश हो रही है।
तेज बारिश में उखड़ गए कई पेड़
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को भोर 3 बजे से सुबह 7 बजे के बीच कोलकाता में करीब 8 मिलीमीटर बारिश हुई। इसमें से अलीपुर इलाके में 6 मिलीमीटर बारिश हुई थी। बात अगर हवाओं की करें तो इन 5 घंटों के दौरान महानगर में हवाएं सर्वाधिक 45 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से बही हैं। तेज हवाओं की वजह से कोलकाता के कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए और कुछ इलाकों में पेड़ों की बड़ी-बड़ी टहनियां टूट कर सड़कों पर गिर गयी जिस वजह से यातायात भी बाधित हुआ।
कैसा रहेगा आज का मौसम?
बताया जाता है कि मंगलवार को मुख्य तौर पर आसमान में बादलों का डेरा लगा रहेगा। दिन भर में कभी-कभी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूरा दिन ही पूर्वी हवाएं बहेगी जिसकी वजह से सोमवार की तुलना में मंगलवार को दक्षिण बंगाल के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
¨ § ¨ § ¯ ¤ ® ¤ ª ® ¤ § ª ¶ § ¿ ® § ” § ¯ ¼ ª § §  ¤ § ¤ Minimum Temperature along with Weather Forecast & Warning for West Bengal. pic.twitter.com/9zzCnU7AcY
” IMD Kolkata (@ImdKolkata) February 23, 2026
बताया जाता है कि पश्चिम मिदनापुर, पूर्व मिदनापुर समेत अन्य कई जिलों में हल्की बारिश के साथ वज्रपात हो सकती है। इसके साथ ही तेज हवाएं भी लगातार बहने की संभावना भी जतायी गयी है। इसके अलावा मौसम विभाग ने उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हुगली, हावड़ा और कोलकाता में बारिश का यलो अलर्ट भी जारी किया है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं आज (मंगलवार) को तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जतायी गयी है। इसके साथ ही रात के समय का तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस से 17 डिग्री सेल्सियस पर उतरने की संभावना भी जतायी गयी है।
कल से बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग सूत्रों के हवाले से बताया जाता है कि कल यानी बुधवार से मौसम में परिवर्तन हो सकता है। बुधवार को बारिश होने की संभावना नहीं है। निम्न दबाव का प्रभाव हट जाने के बाद आसमान भी साफ हो जाएगा। बारिश की वजह से 2 दिनों तक कोलकाता व उपनगरीय इलाकों समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों का मौसम मनोरम बना रहेगा। हालांकि कुछ दिनों बाद से तापमान के तेजी से बढ़ने का संकेत मौसम विभाग ने दिया है। बताया जाता है कि जल्द ही दक्षिण बंगाल को उमस वाली गर्मी अपनी चपेट में लेने वाली है।