कोलकाता में फिर से चली गोली। सोमवार की देर रात को महानगर के बेनियापुकुर थाना क्षेत्र के तिलजला रोड पर गोलीबारी की यह घटना घटी। मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में एक युवक घायल हो गया है। आरोप है कि सोमवार की शाम को स्थानीय एक युवक के साथ 23 वर्षीय मोहम्मद नियाज उर्फ राजा नामक एक युवक की बहस हो गयी थी। इसके बाद ही देर रात को गोलीबारी की इस घटना को अंजाम दिया गया।
बताया जाता है कि गोली मो. नियाज के पैरों में लगी है। उसे SSKM अस्पताल ले जाया गया है। स्थानीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम को मो. नियाज की स्थानीय युवकों के साथ बहसबाजी हो गयी थी।
स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से उस समय तो बहस खत्म हो गयी लेकिन देर रात को कुछ लोग नियाज के घर के सामने पहुंच गए। आरोप है कि उन्हीं में से किसी ने नियाज पर निशाना साधकर गोली चला दी। आरोप है कि दो राउंड गोली चलायी गयी थी।
इस महीने के शुरुआत में ही दक्षिण कोलकाता के गोलपार्क के पास पंचाननतला के काकुलिया रोड पर गोलीबारी की घटना घटी थी। आरोप लगाया गया था कि पिकनिक को केंद्र तक दो समूहों की आपसी झड़प में गोलीबारी की इस घटना को अंजाम दिया गया था। बताया गया था कि इस मामले में पिकनिक सिर्फ एक बहाना था।
इलाके पर दखल करने को केंद्र कर शुरु हुए झमेले में गोली चलायी गयी थी। आरोप है कि इस घटना में गोलीबारी के साथ-साथ बमबाजी भी की गयी थी जिसमें 2 लोग घायल हो गए थे। अब एक बार फिर से बेनियापुकुर में गोली चलायी गयी है जिसके बाद फिर से महानगर की कानून व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गयी है।