उत्तरी हवाओं की शानदार पारी की बदौलत लगातार गिर रहा दक्षिण बंगाल का तापमान, पहुंचा 10 डिग्री से नीचे

ऐसा पहली बार हुआ है जब दक्षिण बंगाल के किसी शहर के रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिरा है।

By Kubloy Banerjee, Posted By : Moumita Bhattacharya

Dec 08, 2025 10:24 IST

दक्षिण बंगाल के कई शहरों का तापमान इस साल सिंगल डिजिट यानी 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है। इनमें श्रीनिकेतन प्रमुख है। अलीपुर मौसम कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की रात को श्रीनिकेतन का न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। श्रीनिकेतन के अलावा राज्य में सिर्फ दार्जिलिंग ही है जहां का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गया है। ऐसा पहली बार हुआ है जब दक्षिण बंगाल के किसी शहर के रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिरा है।

निम्न दबाव का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी से दूर होने के बाद ही पूर्वोत्तर से ठंडी और शुष्क हवाओं का आना काफी आसान हो गया है। इसके असर से गांगेय पश्चिम बंगाल में तापमान का पारा लगातार नीचे जा रहा है। हालांकि कोलकाता समेत कई इलाकों में अभी तक 'दिसंबर वाली ठंड' महसूस नहीं हुई है।

लेकिन राज्य के पश्चिमी जिले जैसे बांकुड़ा, बीरभूम, पुरुलिया, पश्चिम बर्दवान और पश्चिम मिदनापुर में पहाड़ी व पथरीले इलाके होने की वजह से ठंड से ज्यादा प्रभावित हैं। इसके असर से दूसरी जगहों के मुकाबले बांकुड़ा (11.2), पुरुलिया (11.4), पानागढ़ (11.9) और कांथी (12) में ठंड काफी ज्यादा है। दक्षिण बंगाल के मैदानी इलाकों में कल्याणी (11.4) में भी रात के समय तापमान में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है।

कितना हुआ कोलकाता का तापमान?

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कोलकाता और आस-पास के उपनगरीय इलाकों में दिन और रात का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की संभावना है। हालांकि राज्य के पश्चिमी जिलों के तापमान में थोड़ी गिरावट की संभावना है। उत्तर-पश्चिम से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं के असर से उत्तर और मध्य भारत में कई जगहों पर पहले से ही कोल्ड वेव की स्थिति बन गई है। शनिवार की रात को पंजाब के आदमपुर में तापमान गिरकर 2.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

बताया जाता है कि शनिवार को आदमपुर देश के मैदानी इलाकों में सबसे ठंडा स्थान था। ठंडी हवाओं के बेरोकटोक आगे बढ़ने से बंगाल के दो पड़ोसी राज्यों ओडिशा और झारखंड में भी तापमान में तेजी से गिरवाट आ रही है। शनिवार को झारखंड के गुमला का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इस राज्य में भी कई जगहों पर कोल्ड वेव की चेतावनी जारी की गई है। बंगाल के दूसरे पड़ोसी राज्य ओडिशा में भी कई जगहों पर 'कोल्ड डे' घोषित किए गए हैं। मौसम वैज्ञानिक 'कोल्ड डे' की घोषणा तब करते हैं जब किसी जगह पर रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम और दिन का तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियस कम हो।

Prev Article
6 दिनों बाद भी सामान्य नहीं हुई IndiGo की फ्लाइट सेवाएं, हावड़ा से चलायी जाएंगी स्पेशल ट्रेन
Next Article
राज्य के 5 डिविजन के लिए चुनाव आयोग ने नियुक्त किया स्पेशल रोल ऑब्जर्वर, किसे मिली कहां की जिम्मेदारी?

Articles you may like: