ममता बनर्जी ने IndiGo Crisis के लिए केंद्र सरकार को ठहराया जिम्मेदार, कहा- बिना योजना बनाए ही लागू हुई पॉलिसी

ममता बनर्जी ने कहा कि मुझे भी लगता है कि पायलट या क्रू को आराम की जरूरत है। लेकिन कोई भी नई पॉलिसी लागू करने के लिए एक योजना बनाने की जरूरत होती है।

By Tuhina Mondal, Posted By : Moumita Bhattacharya

Dec 08, 2025 14:21 IST

इंडिगो (IndiGo) एयरलाइंस की फ्लाइट सेवाओं में आयी समस्याओं के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने सोमवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कूचबिहार की एक सभा में शामिल होने के लिए जाने से पहले उन्होंने कोलकाता एयरपोर्ट पर कहा कि 'फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन' (FDTL) नामक पॉलिसी को बिना किसी योजना के लागू कर दिया गया है।

ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार को बोला हमला

अपने बयान में ममता बनर्जी ने कहा कि मुझे भी लगता है कि पायलट या क्रू को आराम की जरूरत है। लेकिन कोई भी नई पॉलिसी लागू करने के लिए एक योजना बनाने की जरूरत होती है। सरकार को यह पॉलिसी लागू करने से पहले योजना बनाने पर अधिक जोर देना चाहिए था। उन्होंने कहा कि लोगों के लिए समय बहुत कीमती है। पिछले कुछ दिनों से यात्री बेहद परेशान हो रहे हैं। सरकार से अनुरोध है कि पहले योजना बनाए। अगर जरूरी हो तो वैकल्पिक इंतजाम भी करें और सुनिश्चित करें कि लोगों तक सुविधाएं पहुंचे।

केंद्र पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि वे सिर्फ चुनाव के बारे में सोचते हैं। लोगों की सुविधा और असुविधा के बारे में नहीं सोचते। ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार से यात्रियों की समस्याओं के लिए मुआवजे की मांग भी की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने चेतावनी के लहजे में याद दिलाया कि यदि यात्री चाहे तो वह कोर्ट का दरवाजा भी खटखटा सकता है।

पिछले 7 दिनों से चरमरा गयी है इंडिगो की उड़ान सेवाएं

कुल मिलाकर ममता बनर्जी ने 'इंडिगो क्राइसिस' के लिए केंद्र सरकार को ही जिम्मेदार ठहराया है। बता दें, पिछले लगभग 7 दिनों से इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित हुई हैं। उड़ान सेवाओं और यात्रियों की संख्या के मामले में इंडिगो देश की सबसे बड़ी एयरलाइंस कंपनी है।

एक के बाद एक की फ्लाइट्स रद्द होने की वजह से लाखों यात्रियों को भारी परेशानी हुई है। इस पूरी समस्या की जड़ डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) के 'फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन' नियम को बताया जा रहा है। यह नियम दो चरणों में लागू किया गया। इस नियम का दूसरा चरण नवंबर में लागू हुआ।

इसमें पायलट और क्रु के सदस्यों को आराम करने के लिए समय तय कर दी गयी है। इसके अलाव यहां और भी कई नियमों को लागू किया गया था। इस नियम को लागू करते ही इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान सेवाएं बुरी तरह से चरमरा गयी। उड़ान सेवाओं को सामान्य करने के लिए DGCA ने फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) का एक क्लॉज तुरंत वापस ले लिया।

इसमें कहा गया था कि अगर पायलट छुट्टी भी लेते है तो उन्हें हर हफ्ते 48 घंटे का आराम देना जरूरी है। लेकिन इंडिगो में खड़ी हुई समस्या के बाद इस क्लॉज को वापस ले लिया गया है। पायलटों की छुट्टी को भी उनके 48 घंटे के आराम के समय में ही गिना जाएगा। साथ ही पायलटों के रात में काम करने के नियमों में कुछ ढील दी गई थी।

Prev Article
बेटे-बहू ने 93 वर्षीया को भेजा वृद्धाश्रम! वृद्धा ने BLO से लगायी हक वापस दिलाने की गुहार
Next Article
राज्य के 5 डिविजन के लिए चुनाव आयोग ने नियुक्त किया स्पेशल रोल ऑब्जर्वर, किसे मिली कहां की जिम्मेदारी?

Articles you may like: