पिछले कुछ दिनों से कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों का तापमान बढ़ रहा है। 19 फरवरी को कोलकाता में रात के समय का तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं अगले 2 दिनों में रात का तापमान बढ़कर 19.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। रविवार को तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था।
अलीपुर मौसम विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक 83 दिनों पहले यानी 2 दिसंबर 2025 को कोलकाता का न्यूनतम तापमान आखिरी बार 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। इस बीच मौसम विभाग ने आज (सोमवार) और मंगलवार को दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में बारिश की संभावना जतायी है। क्या कोलकाता में बरसने वाली है बरखा?
मौसम विभाग ने काफी पहले ही चेतावनी जारी कर दी है कि इस साल गर्मी काफी तेज पड़ने वाली है। इसके साथ ही सामान्य की तुलना में कम बारिश होने की भविष्यवाणी भी की गयी है। फरवरी के अंतिम सप्ताह में जितनी तेजी के साथ रात व दिन के समय तापमान का पारा चढ़ता जा रहा है, उसके मद्देनजर साल के बाकी समय में कितनी गर्मी पड़ेगी इसे लेकर लोग चिंता जता रहे हैं।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दिन के समय का तापमान भले ही 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया हो लेकिन ओडिशा-बंगाल के सीमावर्ती जिलों में कालवैशाखी के अनुकूल परिस्थिति का बनना शुरू हो जाएगा।
हालांकि कालवैशाखी जैसी परिस्थिति के बनने में अभी देर है लेकिन उससे पहले ही दक्षिण बंगाल में बारिश की संभावना पैदा होने लगी है। इसके पीछे चक्रवात और निम्न दबाव के क्षेत्र को जिम्मेदार माना जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र शक्तिशाली होकर चक्रवात में परिवर्तित होगा। इस बीच में समुद्र में फिर से निम्न दबाव के बनने की तीव्र संभावना है। इसकी वजह से तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तटवर्तीय इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना जतायी जा रही है।
सोमवार और मंगलवार को राज्य के जिन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जतायी गयी है उनमें झारग्राम, बांकुड़ा, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मिदनापुर आदि शामिल है। इसके साथ ही कोलकाता, हावड़ा, हुगली आदि जिलों में वज्रपात के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है। हालांकि बारिश होने के बावजूद फिर से ठंड पड़ने की कोई संभावना नहीं है।