रायपुर : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सोमवार को नक्सलियों द्वारा बिछाए गए प्रेशर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) में विस्फोट होने से स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) का एक जवान घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना जिले के दक्षिणी क्षेत्र में उस समय हुई, जब सुरक्षा बल एरिया डॉमिनेशन अभियान पर निकले हुए थे।
गश्त के दौरान एक जवान अनजाने में प्रेशर आईईडी के संपर्क में आ गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट में वह घायल हो गया। साथी जवानों ने तुरंत उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नजदीकी चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
बस्तर संभाग के अंदरूनी इलाकों में नक्सली अक्सर सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए सड़कों और कच्चे रास्तों पर आईईडी लगाते रहे हैं। बीजापुर सहित सात जिलों में फैले इस क्षेत्र में कई बार गश्ती दल और आम नागरिक भी इन विस्फोटकों की चपेट में आ चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 9 जून को पड़ोसी सुकमा जिले में पत्थर खदान के पास नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में कोंटा डिवीजन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपुंजे की मृत्यु हो गई थी जबकि दो अन्य अधिकारी घायल हुए थे। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई हैं।