पटनाः बिहार पुलिस के चौकीदारों ने सोमवार को यहां मानदेय बढ़ाने और सेवा सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने बैरिकेड तोड़ दिए, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।पुलिस कार्रवाई में कई चौकीदार घायल हो गए।
बिहार पुलिस के चौकीदारों ने पटना के मध्य भाग स्थित जेपी गोलंबर पर प्रदर्शन किया। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड तोड़ दिए और डाक बंगला चौराहा की ओर बढ़ने की कोशिश की।
सिटी एसपी (सेंट्रल) ममता कल्याणी ने पीटीआई से बातचीत में कहा, “मौके पर प्रदर्शनकारी कानून-व्यवस्था की स्थिति को बिगाड़ रहे थे, इसलिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।” उन्होंने बताया कि लाठीचार्ज में कई चौकीदार घायल हुए, हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।