आइजोल: मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने विधानसभा में बताया कि केंद्र सरकार ने साइरांग रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाने के लिए 97 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। साइरांग, आइजोल से करीब 21 किलोमीटर दूर स्थित है और यह राज्य की राजधानी को सेवा देने वाला स्टेशन है। यह स्टेशन बैराबी–साइरांग रेल लाइन का अंतिम स्टेशन है। इस रेल लाइन का उद्घाटन पिछले साल सितंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री ने बताया कि रेल मंत्रालय ने स्टेशन को वर्ल्ड क्लास दर्जा देने के राज्य सरकार के अनुरोध को मंजूरी दे दी है। मिजोरम की राजधानी को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने के बाद यह बड़ा विकास कदम माना जा रहा है। स्टेशन के विकास में मौजूदा भवन का विस्तार, नए टर्मिनल भवन का निर्माण और बढ़ते यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं शामिल होंगी। स्टेशन और आसपास के इलाके का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। परियोजना के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है और उसे खोल भी लिया गया है, जिससे विकास कार्य जल्द शुरू होने की संभावना है।
राज्य सरकार चाहती है कि साइरांग केवल यात्री स्टेशन ही नहीं बल्कि एक बड़ा लॉजिस्टिक्स हब भी बने। मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बड़े वेयरहाउस बनाने को लेकर चर्चा की है। जमीन की उपलब्धता को लेकर पहले दिक्कत थी लेकिन अब संयुक्त निरीक्षण की तैयारी हो रही है। जमीन मिलने पर यहां बड़ा गोदाम बनाया जाएगा, जिससे व्यापार और स्थानीय उद्यमियों को फायदा होगा। हाल ही में साइरांग–सिलचर रेल सेवा भी शुरू की गई है। 51.38 किलोमीटर लंबी बैराबी–साइरांग रेल लाइन के शुरू होने से मिजोरम अब देश के रेलवे मानचित्र से जुड़ गया है।