नई दिल्ली : भारत के लिए गर्व की खबर सामने आई है दुर्गेश्वर सिंह ने ग्रीस के एथेंस में आयोजित 6वीं एक्रोपोलिस अंतरराष्ट्रीय वुशु चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया।
सीमा सुरक्षा बल (BSF) के कांस्टेबल दुर्गेश्वर सिंह ने 90 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि अपने नाम की। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के खिलाफ मुकाबला करते हुए अपनी प्रतिभा, तकनीक और दृढ़ संकल्प का बेहतरीन परिचय दिया।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 13 से 15 मार्च के बीच आयोजित हुई जिसमें 19 देशों के 1,100 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इतने बड़े मंच पर रजत पदक जीतना न केवल दुर्गेश्वर सिंह की व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि यह भारतीय सुरक्षा बलों और देश के लिए भी गर्व का विषय है।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि दुर्गेश्वर सिंह की यह उपलब्धि देश में वुशु जैसे मार्शल आर्ट को नई पहचान दिलाने में सहायक होगी। उनकी इस सफलता से युवा खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।
दुर्गेश्वर सिंह की इस उपलब्धि पर खेल जगत और सुरक्षा बलों में खुशी की लहर है।