नई दिल्ली : IPL दुनिया की सबसे अमीर और लोकप्रिय T20 लीग है। खिलाड़ियों की करोड़ों की सैलरी पर तो अक्सर चर्चा होती है लेकिन मैदान पर खड़े होकर मैच संचालित करने वाले अंपायरों की कमाई पर कम ही बात होती है। जबकि उनके फैसले ही मैच के परिणाम तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
IPL में अंपायरों की मैच फीस कितनी होती है?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार IPL में ऑन-फील्ड अंपायरों को प्रति मैच लगभग 3 लाख रुपये मिलते हैं। वहीं तीसरे और चौथे अंपायर को करीब 2 लाख रुपये दिए जाते हैं।
अनुभवी अंपायरों की कमाई और ज्यादा
ICC के एलीट पैनल में शामिल अनुभवी अंपायर प्रति मैच करीब 3.7 लाख रुपये तक कमा सकते हैं। दूसरी ओर, डेवलपमेंट अंपायरों की मैच फीस लगभग 60 हजार रुपये होती है।
प्लेऑफ और फाइनल में बढ़ती है कमाई
प्लेऑफ और फाइनल जैसे बड़े मुकाबलों में अंपायरों की आय और बढ़ जाती है। एलीट अंपायर प्लेऑफ में 5 से 8 लाख रुपये तक अतिरिक्त कमा सकते हैं जबकि फाइनल में यह राशि और अधिक हो जाती है।
पूरे सीजन में कुल कमाई कितनी?
अगर कोई अंपायर पूरे सीजन में 12-15 मैचों में अंपायरिंग करता है, तो उसकी कुल आय 25 से 40 लाख रुपये या उससे भी ज्यादा हो सकती है। इसके अलावा करीब 7.33 लाख रुपये का फिक्स्ड रिटेनर शुल्क, यात्रा, ठहरने और अन्य भत्ते भी दिए जाते हैं।
T20 अंतरराष्ट्रीय मैचों से ज्यादा कमाई
IPL में अंपायरों को मिलने वाला पारिश्रमिक T20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की तुलना में काफी ज्यादा है। T20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अंपायरों को प्रति मैच केवल 1.13 से 1.25 लाख रुपये मिलते हैं, जो IPL के मुकाबले लगभग ढाई गुना कम है।