कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 की घोषणा के साथ ही चुनाव आयोग (Election Commission of India) ने प्रशासनिक स्तर पर तेजी से बदलाव शुरू कर दिए हैं। 15 मार्च को चुनाव की घोषणा होने के बाद से ही राज्य में एक के बाद एक बड़े फेरबदल देखने को मिल रहे हैं।
चुनाव की घोषणा वाली रात से ही प्रशासनिक ढांचे में तबादलों का दौर शुरू हो गया है। बुधवार को इस क्रम में एक और बड़ा कदम उठाते हुए चुनाव आयोग ने राज्य के 11 जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को बदल दिया। जिन जिलों में यह बदलाव हुआ है, उनमें दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी, उत्तर दिनाजपुर, मालदा, मुर्शिदाबाद, नदिया, बर्धमान, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना शामिल हैं।
इसके साथ ही कोलकाता उत्तर और दक्षिण के जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) भी बदले गए हैं। स्मिता पांडे को कोलकाता उत्तर का DEO और म्यूनिसिपल कमिश्नर बनाया गया है, जबकि रणधीर कुमार को दक्षिण कोलकाता का DEO नियुक्त किया गया है। राज्य के बाकी जिलों में जिलाधिकारी ही नियमानुसार DEO की जिम्मेदारी निभाते हैं।
चुनाव की घोषणा के साथ ही राज्य में मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट लागू हो चुका है। प्रशासन अब पूरी तरह चुनाव आयोग के नियंत्रण में है। इसी के तहत आयोग चुनाव से पहले प्रशासन और पुलिस तंत्र में नए अधिकारियों की नियुक्ति कर रहा है।
अनुभवी प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) की टीम ने अपने अधिकार मिलते ही “तेज और निर्णायक” कार्रवाई शुरू कर दी है।
15 मार्च की रात को ही राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीना को हटा दिया गया था। इसके अगले दिन कोलकाता के पुलिस आयुक्त सुप्रतिम सरकार, राज्य के पुलिस महानिदेशक पीयूष पांडे और एडीजी (कानून-व्यवस्था) विनीत गोयल को भी उनके पदों से हटा दिया गया।
इसके बाद पुलिस महकमे में भी बड़े स्तर पर बदलाव किए गए। अब तक 12 पुलिस अधीक्षक (SP), 5 डीआईजी और 4 कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्तों को हटाया जा चुका है। बुधवार सुबह ही प्रेसिडेंसी रेंज, जलपाईगुड़ी रेंज, रायगंज, मुर्शिदाबाद और बर्धमान के डीआईजी को पद से हटाया गया।
अब जिलाधिकारियों के स्तर पर भी बदलाव करते हुए नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। कूचबिहार में जितिन यादव, जलपाईगुड़ी में संदीप घोष, उत्तर दिनाजपुर में विवेक कुमार, मालदा में राजनबीर सिंह कपूर, मुर्शिदाबाद में आर अर्जुन, नदिया में श्रीकांत पल्लि, पूर्व बर्धमान में श्वेता अग्रवाल, उत्तर 24 परगना में शिल्पा गौरिसरिया, दक्षिण 24 परगना में अभिषेक कुमार तिवारी, दार्जिलिंग में हरिशंकर पनिक्कर और अलीपुरद्वार में टी. बालासुब्रह्मण्यम को जिम्मेदारी दी गई है।
चुनाव आयोग की इन लगातार कार्रवाइयों से साफ है कि वह चुनाव से पहले प्रशासनिक मशीनरी को पूरी तरह निष्पक्ष और अपने नियंत्रण में लाने की कोशिश कर रहा है। राज्य में तेजी से हो रहे इन फेरबदल को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।