फुटबॉल के भगवान लियोनेल मेस्सी (Lionel Messi) के GOAT इंडिया टूर पर कल यानी 13 दिसंबर को भारत आ रहे हैं। इस टूर के दौरान वह देश के चार शहरों में जाने वाले हैं। टूर की शुरुआत कोलकाता से होने वाली है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस टूर पर मेस्सी अकेले नहीं आ रहे हैं बल्कि वह बार्सिलोना के अपने पुराने साथी लुइस सुरेज (Luis Suarez) और अर्जेंटिना के मिडफिल्डर रोड्रिजो दे पॉल (Rodrigo De Paul) को भी साथ लाने वाले हैं।
कोलकाता के सॉल्टलेक स्टेडियम में मेस्सी के साथ मंच साझा करेंगे शाहरुख खान, सौरव गांगूली, बाइचुंग भूटिया जैसे दिग्गज। मेस्सी 3 दिनों के दौरे पर भारत आ रहे हैं। अपने GOAT इंडिया टूर के दौरान वह कोलकाता के अलावा हैदराबाद, दिल्ली और मुंबई भी जाएंगे।
खिंचवा सकेंगे फोटो
लगभग 14 सालों बाद मेस्सी भारत आ रहे हैं। आखिरी बार लियोनेल मेस्सी साल 2009 में कोलकाता में एक फ्रेंडली मैच खेलने आए थे। उनके इस टूर को लेकर फैंस खासे उत्साहित भी हैं। अपने आइडल को सिर्फ देखना ही नहीं बल्कि वे उससे मिलना भी चाहते हैं। मेस्सी के फैंस के लिए एक शानदार खुशखबरी है। फैंस चाहे तो वे साल 2022 के विश्वकप विजेता इस दिग्गज खिलाड़ी से मिल भी सकेंगे और उनके साथ फोटो भी खिंचवा सकेंगे। कैसे? इसके लिए फैंस को खरीदना पड़ेगा एक्सक्लुसिव टिकट।
Read Also | वाकई! कोलकाता में लियोनेल मेस्सी संग स्टेज शेयर करेंगे शाहरुख खान, जानिए कब और कहां?
TOI की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार GOAT इंडिया टूर के आयोजकों ने एक्सक्लूसिव टिकट की घोषणा की है। इन टिकटों की मात्र 100 स्लॉट ही उपलब्ध करवायी गयी है। इन टिकटों की कीमत 9.95 लाख रुपए रखी गयी है जिसके साथ GST भी जुड़ेगा। यानी कुल मिलाकर मेस्सी से मिलने और फोटो खिंचवाने का खर्चा लगभग 10 लाख रुपए होने वाला है।
क्या है मेस्सी के GOAT इंडिया टूर का शेड्यूल?
कोलकाता - 13 दिसंबर - सॉल्टलेक स्टेडियम में सुबह 10.30 बजे टूर की शुरुआत होगी।
हैदराबाद - 13 दिसंबर - उप्पल स्टेडियम में शाम 7 बजे।
मुंबई - 14 दिसंबर - वानखेड़े स्टेडियम में शाम 5.30 बजे।
दिल्ली - 15 दिसंबर - अरुण जेटली स्टेडियम में दोपहर 1 बजे। इस दिन लियोनेल मेस्सी के GOAT इंडिया टूर का समापन होगा।