फुटबॉल के भगवान कहलाने वाले लियोनेल मेस्सी (Lionel Messi) भारत आने वाले हैं। उनके GOAT इंडिया टूर 2025 की घोषणा की गयी है। इस टूर के तहत वह कोलकाता भी आने वाले हैं। महानगर में इस बात को लेकर पहले से ही उत्साह का माहौल बना हुआ है। खास बात यह है कि इस टूर की शुरुआत ही कोलकाता से हो रही है।
इसके बाद मेस्सी हैदराबाद, मुंबई और नई दिल्ली भी जाएंगे। लेकिन क्या आप जानते हैं बॉलीवुड में अपने नाम का डंका बजाने वाले किंग खान यानी शाहरुख खान (Shahrukh Khan) भी कोलकाता में लियोनेल मेस्सी के साथ मंच साझा करेंगे?
शाहरुख खान का पोस्ट वायरल
जी हां, अपने आधिकारिक X हैंडल से शाहरुख खान ने एक पोस्ट किया है, जो तुरंत वायरल भी हो गया है। इस पोस्ट में शाहरुख ने लिखा है,'इस बार कोलकाता नाइट राइडर्स वाले माहौल में नहीं हूं। बस चाहता हूं कि यह दिन पूरी तरह मेस्सी हो जाए।' शाहरुख ने आगे लिखा है, मिलते हैं 13 को सॉल्टलेक स्टेडियम में। बता दें, 13 दिसंबर यानी मात्र 2 दिन बाद लियोनेल मेस्सी कोलकाता से अपने Goat टूर ऑफ इंडिया 2025 की शुरुआत कर रहे हैं। इस दिन कोलकाता में शाहरुख खान भी मेस्सी के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज करवाने वाले हैं।
कब कहां जाएंगे मेस्सी?
लियोनेल मेस्सी 3 दिनों के लिए भारत आ रहे हैं। वह 13 से 15 दिसंबर तक भारत में रहेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के मुताबिक कोलकाता के सॉल्टलेक स्टेडियम में मेस्सी के सम्मान में एक कॉन्सर्ट का भी आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही मेस्सी की 25 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सौरव गांगुली, बाईचुंग भूटिया समेत अन्य कई लोगों के उपस्थित होने की संभावना है।
अकेले नहीं आ रहे हैं मेस्सी
Times Now की मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि लियोनेल मेस्सी भारत में अकेले नहीं आ रहे हैं। वह बार्सिलोना के अपने पुराने साथी लुइस सुरेज (Luis Suarez) और अर्जेंटिना के मिडफिल्डर रोड्रिजो दे पॉल (Rodrigo De Paul) को भी साथ लाने वाले हैं। हालांकि इन नामों की आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हुई है। बताया जाता है कि लगभग 14 सालों बाद लियोनेल मेस्सी भारत आ रहे हैं। इसलिए उनका यह दौरा बहुत खास माना जा रहा है। कोलकाता में सॉल्टलेक स्टेडियम के अलावा, मुंबई में वानखेड़े, दिल्ली में अरुण जेटली स्टेडियम में भी आयोजित कार्यक्रमों में मेस्सी शामिल होंगे।