बांग्लादेश में आम चुनाव नए साल यानी 12 फरवरी 2026 को होंगे। मतदान सुबह साढ़े सात बजे से शाम साढ़े चार बजे तक चलेगा। पिछले साल कोटा विरोधी आंदोलन के कारण पूरे बांग्लादेश में अशांति फैल गई थी। 5 अगस्त को तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना देश छोड़कर भारत भागने के लिए मजबूर हुईं। मात्र तीन दिन बाद, 8 अगस्त को मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने शपथ ली। इसके बाद से चुनाव को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। यूनुस ने 2026 के जून-जुलाई में चुनाव कराने का संकेत दिया था। हालांकि आज अंतरिम सरकार की जिम्मेदारी संभालने के 16 महीने बाद बांग्लादेश चुनाव आयोग ने मतदान की आधिकारिक घोषणा कर दी।
बांग्लादेश के राष्ट्रीय चुनाव आयोग के अनुसार, 12 फरवरी को देश के कुल 300 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा। उम्मीदवार 22 जनवरी से प्रचार शुरू कर देंगे। प्रचार 10 फरवरी को सुबह साढ़े सात बजे तक चलेगा। उसके बाद चुनावी नियम लागू होंगे। वर्तमान में बांग्लादेश में 12 करोड़ 76 लाख से अधिक मतदाता हैं। बांग्लादेश में पिछला आम चुनाव जनवरी 2024 में हुआ था। उस चुनाव में शेख हसीना भारी मतों से जीतकर फिर प्रधानमंत्री बनीं। हालांकि उस चुनाव को विपक्षी दलों, विशेषकर BNP ने विवादित बताया और स्वतंत्र, निष्पक्ष चुनाव की मांग की।
कुछ ही महीनों में बांग्लादेश की राजनीति में बदलाव आया। अंतरिम सरकार ने सत्ता संभालते ही अवामी लीग के सभी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा दिया। इससे स्पष्ट है कि शेख हसीना की पार्टी इस चुनाव में हिस्सा नहीं ले पाएगी।