गांधीनगर: भारतीय तट रक्षक ने भारतीय जलक्षेत्र में अवैध तरीके से मछली पकड़ने वाली एक पाकिस्तानी नौका को जब्त किया और उसमें सवार 11 नाविकों को गिरफ्तार किया। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार गिरफ्तार किए गए नाविकों को आगे की जांच के लिए गुजरात के जखाऊ मरीन पुलिस के हवाले कर दिया गया।
गुजरात डिफेंस पीआरओ विंग कमांडर अभिषेक कुमार तिवारी ने बताया कि बुधवार को तट रक्षक ने भारत के विशेष आर्थिक क्षेत्र ईईजेड में पाकिस्तानी मछली पकड़ने वाली नौका को पकड़ लिया।
यह कार्रवाई भारतीय तट रक्षक की सतत समुद्री निगरानी और अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानूनों के पालन में भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भारत के समुद्री क्षेत्र में सतत चौकसी हमारी राष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा नीति की नींव है।
आइसीजी ने भी पुष्टि की कि नौका को पकड़ा गया और 11 नाविकों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई भारत की समुद्री सीमाओं की रक्षा और समुद्री कानूनों के सख्त पालन की दिशा में निर्णायक कदम है।