🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

कोलकाता की घटना से सबक, मेस्सी के मुंबई दौरे को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

GOAT टूर के तहत रविवार को मुंबई पहुंचने वाले हैं लियोनेल मेस्सी

By सौम्यदीप दे, Posted by: रजनीश प्रसाद

Dec 14, 2025 17:10 IST

कोलकाता के युवा भारती स्टेडियम में लियोनेल मेस्सी के इवेंट के दौरान भारी अव्यवस्था देखने को मिली थी। मैदान में एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के घुस जाने के कारण गैलरी में मौजूद दर्शक मेस्सी को देख तक नहीं पाए। इसके बाद दर्शकों के गुस्से और हंगामे की घटनाएं शनिवार से ही चर्चा में हैं। हालांकि, बेहतर प्रबंधन के चलते हैदराबाद में यह इवेंट बिना किसी बाधा के संपन्न हुआ। भारत दौरे में मेस्सी का अगला पड़ाव मुंबई है, जहां वे थोड़ी ही देर में पहुंचने वाले हैं। कोलकाता की घटना के बाद मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। ऐसे में सवाल है कि क्या-क्या कदम उठाए जा रहे हैं।

मुंबई में मेस्सी ब्रेबोर्न और वानखेड़े स्टेडियम में इवेंट में हिस्सा लेंगे। दोनों ही वेन्यू पर बड़ी संख्या में सितारे और दर्शक मौजूद रहेंगे। इसलिए दोनों स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुंबई पुलिस ने विस्तृत जानकारी दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, स्टेडियम के भीतर पानी की बोतलें, धातु की वस्तुएं और सिक्के ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। भीड़ पर नजर रखने के लिए वॉचटावर लगाए गए हैं। ब्रेबोर्न और वानखेड़े स्टेडियम के बाहर कुल 2000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इनमें स्थानीय पुलिस इकाइयां, रैपिड रिस्पॉन्स टीम और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष दस्ते शामिल होंगे।

दर्शकों को सही दिशा-निर्देश देने के लिए पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम की व्यवस्था की गई है। दोनों वेन्यू तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 2024 में टी-20 विश्व कप जीत के बाद भारतीय टीम की विजय परेड के दौरान अपनाई गई सुरक्षा व्यवस्था को आधार बनाकर ही इस इवेंट की तैयारी की जा रही है। न केवल स्टेडियम के अंदर, बल्कि बाहर भी भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष इंतज़ाम किए गए हैं।

पुलिस का अनुमान है कि वानखेड़े स्टेडियम के बाहर करीब 33 हजार और ब्रेबोर्न स्टेडियम के बाहर 4 हजार से ज्यादा लोग जमा हो सकते हैं। कोई भी अपने पसंदीदा फुटबॉलर की एक झलक देखने का मौका गंवाना नहीं चाहेगा, इसलिए लोगों को स्टेडियम तक पहुंचने से पहले ही नियंत्रित किया जाएगा।अगर किसी भी तरह से स्थिति नियंत्रण से बाहर जाती है, तो लोगों को नजदीकी मैदानों में भेजने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा दक्षिण मुंबई में चर्चगेट, मरीन ड्राइव समेत उन सभी सड़कों पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा, जिनसे दोनों स्टेडियमों तक पहुंचा जाता है।


Prev Article
मेस्सी के कोलकाता दौरे के आयोजक शतद्रु को 14 दिनों की पुलिस हिरासत, क्या बोले उनके वकील ?
Next Article
दिल्ली में प्रदूषण का असर, मेस्सी भी समय पर राजधानी नहीं पहुंच सके -क्या तय सभी कार्यक्रम हो पाएंगे?

Articles you may like: