कोलकाता से जैसे ही लियोनेल मेसी, रोड्रिगो डी पॉल और लुइस सुअरेज बाहर गए, GOAT इंडिया टूर के मुख्य आयोजक सतद्रु दत्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। मेसी के इस टूर का मुख्य रूप से आयोजन सतद्रु दत्ता ने ही किया था। लेकिन युवा भारती स्टेडियम में हुई अव्यवस्था ने उनके इस टूर की शुरुआत को गलत वजहों से सुर्खियों में ला दिया है।
इस अव्यवस्था के आरोप में ही सतद्रु को गिरफ्तार किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार सतद्रु मेसी को छोड़ने के लिए कोलकाता एयरपोर्ट गए थे। वहीं से उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
DG राजीव कुमार ने भरोसा दिया है कि इस घटना में दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने घटना की पूरी जांच करने का आश्वासन भी दिया है। DG राजीव कुमार का भी कहना है कि मेसी के इस कार्यक्रम में पहुंचे दर्शकों व फैंस को उनका रुपया रिफंड करना चाहिए।
शनिवार की सुबह से ही कोलकाता में लियोनेल मेसी को लेकर फैंस का उत्साह अपने चरम पर था। लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा पूरी तस्वीर ही बदल गई। आरोप है कि मेसी जैसे ही युवा भारती स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर पहुंचे उन्हें अधिकारियों और मंत्रियों ने घेर लिया। इसीलिए टिकट खरीदने के लिए कई फैन्स हजारों रुपये खर्च करने के बाद भी अपने पसंदीदा स्टार की एक झलक भी नहीं देख पाएं। इसके बाद ही फैंस का गुस्सा फूट पड़ा। स्टेडियम तो मानो रणक्षेत्र में बदल गया।
कोई कहीं से बोतल फेंक रहा था तो किसी ने गैलरी से कुर्सियां उखाड़ डाली। स्टेडियम में आगजनी तक की गयी। कथित तौर पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठियां तक चलानी पड़ी लेकिन सारी कोशिशें नाकाम रही। सुरक्षाकर्मियों ने फैंस को लगभग लड़कर, बलपूर्वक ही रोका। आखिरकार आयोजक सतद्रु की गिरफ्तारी ने फैन्स के गुस्से को थोड़ा ठंडा किया होगा।