मुंबई : ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार के बाद टी-20 विश्व कप से बाहर हुई भारतीय महिला क्रिकेट टीम अब नई चुनौती के लिए तैयार है। इसी बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को आगामी एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी। बोर्ड ने एक बार फिर अनुभवी बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर को टीम की कमान सौंपी है, जबकि स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है।
विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद बीसीसीआई ने 37 वर्षीय हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व पर भरोसा बनाए रखा है। वहीं चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाई श्रेयांका पाटिल को भी 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। हालांकि उनकी उपलब्धता फिटनेस टेस्ट पास करने पर निर्भर करेगी।
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनी (विकेटकीपर), भारती फूलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयांका पाटिल, राधा यादव और नंदनी शर्मा।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशियन गेम्स में मौजूदा चैंपियन के तौर पर उतरेगी। इससे पहले 2023 में चीन के हांगझोऊ में आयोजित एशियन गेम्स में भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता था। अब टीम इंडिया की कोशिश इस बार भी अपने खिताब को बचाने की होगी।
इस बार एशियन गेम्स का आयोजन सितंबर में जापान के आइची-नागोया में किया जाएगा। टूर्नामेंट में भारतीय टीम से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
हरमनप्रीत और स्मृति पर रहेगी बड़ी जिम्मेदारी
कप्तान के तौर पर हरमनप्रीत कौर के अनुभव को देखते हुए बीसीसीआई ने उन पर फिर विश्वास जताया है। वहीं सलामी बल्लेबाज और उपकप्तान स्मृति मंधाना की भूमिका भी टीम के लिए बेहद अहम होगी। दोनों खिलाड़ियों पर बल्लेबाजी क्रम को मजबूती देने की जिम्मेदारी रहेगी।
श्रेयांका पाटिल की वापसी पर नजर
श्रेयांका पाटिल टी-20 विश्व कप के दौरान टखने की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गई थीं। इसके बावजूद बीसीसीआई ने उन्हें टीम में जगह दी है। अगर वह फिटनेस टेस्ट में सफल रहती हैं तो ही एशियन गेम्स में खेलने का मौका मिलेगा।
विश्व कप टीम का हिस्सा रहीं विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है। उनकी जगह जी कमलिनी को मौका दिया गया है।
बल्लेबाजी और गेंदबाजी विभाग में मजबूत विकल्प
भारतीय टीम की बल्लेबाजी में हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना के अलावा शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और ऋचा घोष अहम भूमिका निभा सकती हैं। वहीं, गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी अनुभवी दीप्ति शर्मा और श्री चरणी संभालेंगी।
इसके अलावा रेणुका ठाकुर, अरुंधति रेड्डी और युवा खिलाड़ी नंदनी शर्मा पर भी सभी की निगाहें रहेंगी। भारतीय टीम का लक्ष्य एशियन गेम्स में एक बार फिर स्वर्ण पदक जीतकर अपनी बादशाहत कायम रखना होगा।