फुलरटन (अमेरिका) : भारत के अनुभवी बैडमिंटन खिलाड़ी और पूर्व विश्व नंबर एक किदांबी श्रीकांत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूएस ओपन बैडमिंटन 2026 के पुरुष एकल फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में उन्होंने जापान के चौथी वरीयता प्राप्त युदाई ओकिमोटो को कड़े मुकाबले में 22-20, 15-21, 21-19 से हराया। एक घंटे 12 मिनट तक चले इस मुकाबले में श्रीकांत ने निर्णायक क्षणों में अपने अनुभव का बेहतरीन इस्तेमाल किया।
अब खिताबी मुकाबले में श्रीकांत का सामना चीनी ताइपे के आठवीं वरीयता प्राप्त सू ली यांग से होगा। सू ली यांग ने दूसरे सेमीफाइनल में भारत के युवा खिलाड़ी रौनक चौहान का शानदार अभियान 21-17, 21-19 से जीत दर्ज कर समाप्त कर दिया।
श्रीकांत और ओकिमोटो के बीच पहला गेम बेहद रोमांचक रहा। एक समय श्रीकांत 17-11 से आगे थे, लेकिन ओकिमोटो ने शानदार वापसी करते हुए गेम प्वाइंट हासिल कर लिया। हालांकि भारतीय खिलाड़ी ने दबाव में संयम बनाए रखा, गेम प्वाइंट बचाया और लगातार दो अंक जीतकर पहला गेम अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में जापानी खिलाड़ी ने दमदार खेल दिखाते हुए मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद निर्णायक तीसरे गेम में श्रीकांत ने 10-5 की बढ़त बनाई, लेकिन ओकिमोटो ने स्कोर 12-12 कर दिया। इसके बाद श्रीकांत ने लगातार छह अंक हासिल कर बढ़त मजबूत की। हालांकि ओकिमोटो ने फिर वापसी कर स्कोर 18-18 कर दिया, लेकिन अंतिम क्षणों में श्रीकांत ने अपनी रणनीति और अनुभव का परिचय देते हुए मुकाबला जीत लिया।
महिला एकल वर्ग में भारत की देविका सिहाग को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने पहला गेम जीतने के बावजूद डेनमार्क की दूसरी वरीयता प्राप्त लाइन क्रिस्टोफर्सन के खिलाफ अगले दो गेम गंवा दिए और फाइनल में जगह बनाने से चूक गईं।