🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

खाड़ी संकट में भारतीयों पर असरः 6 की मौत, 1 लापता, 3 लाख लौटे देश

MEA की निगरानी तेज, कई देशों में दूतावास अलर्ट, उड़ानों के जरिए राहत जारी।

By श्वेता सिंह

Mar 20, 2026 16:59 IST

नई दिल्लीः पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच खाड़ी देशों से भारतीय नागरिकों को लेकर चिंताजनक स्थिति सामने आई है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि अलग-अलग घटनाओं में 6 भारतीय नागरिकों की मौत हो गयी है, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है।

विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव (गल्फ) असीम आर. महाजन ने इंटर-मिनिस्ट्रियल ब्रीफिंग में कहा कि भारत के मिशन सऊदी अरब, ओमान, इराक और संयुक्त अरब अमीरात में स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है। लापता व्यक्ति की तलाश और मृतकों के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने बताया कि ये घटनाएं अलग-अलग जगहों पर हुई हैं, लेकिन हर मामले में भारतीय दूतावास सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं और परिवारों को हर संभव सहायता दी जा रही है।

28 फरवरी से अब तक 3 लाख यात्रियों की वापसी

MEA के अनुसार, खाड़ी क्षेत्र से भारत लौटने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अतिरिक्त उड़ानों के संचालन से स्थिति में सुधार आया है।

असीम महाजन ने बताया कि 28 फरवरी से अब तक करीब 3 लाख यात्री भारत लौट चुके है, जो राहत और निकासी प्रयासों की गति को दर्शाता है।

UAE से 90 उड़ानें, अन्य देशों से भी आंशिक संचालन

संयुक्त अरब अमीरात से फिलहाल सीमित गैर-निर्धारित उड़ानें चलाईं जा रही हैं। सुरक्षा और परिचालन हालात को देखते हुए उड़ानों का संचालन किया जा रहा है। आज भी UAE के विभिन्न हवाई अड्डों से भारत के लिए करीब 90 उड़ानें संचालित होने की उम्मीद है। ओमान और सऊदी अरब से भी उड़ानें जारी हैं, जिससे यात्रियों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।

कतर में आंशिक राहत, कुवैत और बहरीन में पाबंदियां जारी

कतर के हवाई क्षेत्र के आंशिक रूप से खुलने के बाद कुछ राहत मिली है। कतर एयरवेज द्वारा भारत के लिए 10 विशेष उड़ानें संचालित किए जाने की संभावना है। हालांकि, कुवैत ओर बहरीन में हवाई क्षेत्र अब भी बंद हैं, जिससे यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

कुवैत से भारतीयों को निकालने के लिए कुवैत एयरवेज सऊदी अरब के अल-कैसुमाह-हफर अल-बातिन एयरपोर्ट से विशेष उड़ानें शुरू कर रहा है। पहली उड़ाने कोच्चि के लिए रवाना होगी।

वहीं बहरीन की गल्फ एयर भी सऊदी अरब के किंग फहद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से भारत के लिए विशेष उड़ानें संचालित कर रही है।

सरकार की प्राथमिकताः हर भारतीय की सुरक्षित वापसी

विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि सरकार का पूरा फोकस विदेशों में फंसे भारतीयों की सुरक्षा और सुरक्षित वापसी पर है। सभी मिशन स्थानीय प्रशासन और एयरलाइंस के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

लापता व्यक्ति की तलाश भी जारी है और संबंधित देशों के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।

खाड़ी क्षेत्र में जारी तनाव के बीच भारत सरकार ने राहत और निकासी अभियान को तेज कर दिया है। एक ओर जहां 6 भारतीयों की मौत से चिंता बढ़ी है, वहीं दूसरी ओर बड़ी संख्या में लोगों की सुरक्षित वापसी से राहत भी मिली है। स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है, लेकिन कई देशों में हवाई पाबंदियां अभी भी चुनौती बनी हुई हैं।

Articles you may like: