बेंगलुरु : आईपीओ की तैयारी के बीच ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट को बड़ा झटका लगा है। इस कंपनी के ग्रुप चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर श्रीराम वेंकटरमन अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं, यह जानकारी शुक्रवार को दी गई।
फ्लिपकार्ट की ओर से बताया गया है कि वह अगले कुछ महीनों में कंपनी छोड़ देंगे। हालांकि इस दौरान जिम्मेदारियों का हस्तांतरण सुचारू रूप से हो सके, यह सुनिश्चित करने के लिए वह कुछ समय तक कंपनी के साथ बने रहेंगे। इस बीच अंतरिम रूप से फ्लिपकार्ट के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर रवि अय्यर कंपनी के वित्तीय विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
फ्लिपकार्ट भारत के बाजार में आईपीओ लाने की तैयारी कर रहा है। उससे पहले ही यह इस्तीफे की खबर सामने आई है। साथ ही फ्लिपकार्ट ने निशांत वर्मन को सीनियर वाइस प्रेसिडेंट पद पर नियुक्त करने की भी जानकारी दी है। वह कॉर्पोरेट डेवलपमेंट और पार्टनरशिप संभालेंगे।
आईपीओ के संबंध में ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि अगले महीने से ही फ्लिपकार्ट संभावित आईपीओ के लिए बैंकों के साथ औपचारिक बातचीत शुरू कर सकता है। कंपनी पहले ही निवेशकों और बैंकरों के साथ प्रारंभिक बातचीत कर चुकी है।
यह आईपीओ इस साल के अंत या 2027 की शुरुआत में बाजार में आ सकता है। हालांकि अभी यह प्रक्रिया शुरुआती चरण में है, इसलिए इसके समय को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
यह इस्तीफे की घटना ऐसे समय में सामने आई है जब फ्लिपकार्ट ने हाल ही में कर्मचारियों की छंटनी की है। इस साल कंपनी ने लगभग 400 से 500 कर्मचारियों को प्रदर्शन के आधार पर हटाया है। यह छंटनी कंपनी के कुल कर्मचारियों का लगभग 3 से 4 प्रतिशत है। आमतौर पर हर साल 1 से 2 प्रतिशत कर्मचारियों को प्रदर्शन के आधार पर हटाया जाता है।