🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

उत्तराखंड में शुरू हुआ 'स्नो लेपर्ड टूर', क्या है यह? देश में और कहां देखे जा सकते हैं हिम तेंदुए?

हिम तेंदुआ को देखने के लिए भी बड़ी संख्या में रोमांच प्रेमी पहाड़ी क्षेत्रों का रुख करते हैं।

By Moumita Bhattacharya

Dec 15, 2025 18:17 IST

सर्दियों की शुरुआत होते ही पर्वतीय इलाकों में पर्यटकों की भीड़ उमड़ने लगती है। सर्दी के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यटकों के लिए जहां बर्फ मुख्य आकर्षण का केंद्र होता है। वहीं दूसरी ओर हिम तेंदुआ (Snow Leopard) देखने के लिए भी बड़ी संख्या में रोमांच प्रेमी पहाड़ी क्षेत्रों का रुख करते हैं। शर्मीली स्वभाव की इन बड़ी बिल्लियों का दिख जाना अपने आप में बहुत बड़ी बात ही होती है।

देशभर में इक्का-दूक्का ही ऐसी जगहें हैं जहां इन हिम तेंदुओं को देखा जा सकता है। इनमें शामिल है देवभूमि उत्तराखंड। हाल ही में उत्तराखंड सरकार ने खास 'स्नो लेपर्ड टूर' की घोषणा की है।

क्या है 'स्नो लेपर्ड टूर'?

TOI की मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री नेशनल पार्क में इस टूर की शुरुआत होगी। बताया जाता है कि इस प्रस्तावित टूर को सर्दियों के मौसम में आम तौर पर ऑफ-सीजन कहलाने वाले हिमालयी क्षेत्र गंगोत्री में नियंत्रित रूप से आयोजित किया जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि बड़ी ही मुश्किल से नजर आने वाली इन शर्मीली बड़ी बिल्लियों को देखने के लिए काफी पर्यटक यहां आएंगे। इस तरह के प्रयासों के साथ उत्तराखंड में सर्दियों के मौसम में भी पर्यटन को बढ़ावा देने की कोशिशें की जा रही हैं।

कौन सी जगहों पर हो सकता है हिम तेंदुओं का दीदार?

उत्तराखंड के अलावा देशभर में बहुत कम जगहें ही हैं, जहां हिम तेंदुओं का दीदार किया जा सकता है। आधिकारिक आंकड़ों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत में करीब 718 हिम तेंदुएं मौजूद हैं। इनमें से सबसे ज्यादा संख्या में हिम तेंदुए लद्दाख में पाए जाते हैं।

लद्दाख - लद्दाख के हेमिस नेशनल पार्क को हिम तेंदुओं का गढ़ माना जा सकता है। यहां सबसे ज्यादा संख्या में हिम तेंदुए पाए जाते हैं। पहाड़ी वैली, कम पेड़ों का होना और ऊंचाई की वजह से यह जगह इन बिल्लियों के रहने की आदर्श जगह मानी जाती है। लद्दाख में लगभग 477 हिम तेंदुओं के होने की जानकारी मिली है।

जम्मू और कश्मीर - कश्मीर के ऊपरी हिमालयी क्षेत्रों में हिम तेंदुओं के होने की जानकारी मिलती है। बताया जाता है कि कारगिल और गुरेज जैसे इलाके इनके रहने के लिए आदर्श हैं। सर्दियों के मौसम में कई बार इन्हें गांवों और घास के मैदानों के आसपास भी घूमते हुए देखा गया है।

हिमाचल प्रदेश - हिमाचल प्रदेश में भी बड़ी संख्या में हिम तेंदुओं की मौजूदगी का पता चला है। हिमाचल प्रदेश के स्पिति वैली, पिन वैली नेशनल पार्क और हिमालयी क्षेत्रों में लगभग 81 हिम तेंदुओं के मौजूद होने की पुष्टि हुई है। ये सभी इलाके बर्फ से ढंके रहते हैं जिस वजह से यहां हिम तेंदुए आराम से छिप और रह पाते हैं।

सिक्किम - भारत में हिम तेंदुओं को सिक्किम में भी देखा जा सकता है। हालांकि यहां का पर्वतीय क्षेत्र बहुत विशाल और फैला हुआ नहीं है लेकिन यहां हिम तेंदुओं की आबादी आसानी से फल-फूल रही है।

अरुणाचल प्रदेश - कम संख्या में ही सही लेकिन अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी पर्वतीय क्षेत्रों में हिम तेंदुओं की मौजूदगी की जानकारी मिली है। बर्फिली पहाड़ियां इसके रहने के लिए अरुणाचल को आदर्श जगह बनाती है।

Prev Article
केरल के कोझीकोड में Rent पर लें ई-बाइक और घूम आएं आसपास का इलाका, कितना किराया?

Articles you may like: