समांथा रुथ प्रभु ने कोयंबटूर के इस मंदिर में रचायी शादी, जानिए कैसे पहुंचेंगे यहां? बनाए अगली ट्रिप का प्लान

हेवी गोल्ड ज्वेलरी में सजी समांथा ने शादी के वेन्यू के तौर पर किसी शानदार जगह के बजाए कोयंबटूर के पास मौजूद एक मंदिर को चुना।

By Moumita Bhattacharya

Dec 02, 2025 19:08 IST

सोशल मीडिया पर इस समय दक्षिण भारतीय फिल्मों की सुपरस्टार समांथा रुथ प्रभु (Samantha Ruth Prabhu) की शादी की तस्वीरें ही छायी हुई हैं। फिल्म निर्देशक राज निदिमोरू के साथ एक छोटे से समारोह में समांथा ने शादी रचायी। मिनीमल मेकअप और हेवी गोल्ड ज्वेलरी में सजी समांथा ने शादी के वेन्यू के तौर पर किसी शानदार जगह के बजाए कोयंबटूर के पास मौजूद एक मंदिर को चुना।

जिस मंदिर में समांथा रुथ प्रभु ने शादी की वह सालों पुराना मंदिर है। अगर आप दक्षिण भारत की ट्रिप पर जाने का प्लान बना रहे हैं तो इस आर्टिकल को पूरा जरूर पढ़े। यहां हम इस मंदिर के इतिहास के साथ ही इस मंदिर तक पहुंचने के तरीके और मंदिर की Timing के बारे में भी विस्तार से जानकारी देने वाले हैं।

कौन सा है यह मंदिर?

समांथा रुथ प्रभु और राज निदिमोरू ने कोयंबटूर के जिस मंदिर में सात जन्मों तक साथ निभाने का एक-दूसरे से वादा किया वह है - ईशा लिंग भैरवी मंदिर। इस मंदिर का निर्माण ईशा फाउंडेशन ने करवाया था। वेल्लियानगिरी की तराई में मौजूद इस मंदिर की सबसे बड़ी खासियत यहां स्थापित 8 फीट की देवी की प्रतिमा है। जनवरी 2010 में नारी शक्ति को बढ़ावा देती इस मंदिर की स्थापना की गयी थी।

Read Also| दुल्हन बनीं समांथा रुथ प्रभु : अंगूठी ने छीना स्पॉटलाइट - खासियत जानकर हो जाएंगे शॉक्ड

किसी भी आम दक्षिण भारतीय मंदिर की तरह ही इस मंदिर में भी कई तरह के नियमों व परंपराओं का पालन किया जाता है। यहां मुख्य रूप से जिन नियमों का पालन होता है, उनमें शामिल है देवी अभिषेकम, वस्त्रम अर्पणम, नेत्रम अर्पणम, भैरवी विलक्कु सेवा। इसके साथ ही यहां कई अन्य नियमों जैसे नामकरणम, अन्नप्रासनम, लिंग भैरवी विवाह, कालभैरव कर्म, कालभैरवी शांति, क्लेश नाशन क्रिया के अलावा हर पूर्णिमा को विशेष पूजा का आयोजन भी होता है।

कैसे पहुंचे लिंग भैरवी मंदिर?

लिंग भैरवी का मंदिर हर उस व्यक्ति और पर्यटक को जरूर जाना चाहिए जो कोयंबटूर जाने की योजना बना रहा है अथवा उसके आसपास रहता है। यह मंदिर तमिलनाडु के कोयंबटूर से लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद है। कोयंबटूर शहर, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन किसी भी प्वाएंट से इस मंदिर तक पहुंचने के लिए आपको आसानी से किराए पर गाड़ी मिल जाएगी।

क्या है मंदिर की Timing?

जानकारी के मुताबिक यह मंदिर सभी श्रद्धालुओं के लिए दिन में दो बार खुलता है। मंदिर सुबह के समय 6.30 से दोपहर 1.20 बजे तक खुला रहता है। वहीं शाम को यह मंदिर 4.20 से रात 8.30 बजे तक खुला रहता है। अगर आप देवी के अभिषेकम का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो उसके लिए आपको मंदिर में सुबह 7.40, दोपहर 12.40 और शाम को 7.40 बजे मौजूद रहना होगा।

तो क्या कोयंबटूर की अगली ट्रिप में लिंग भैरवी मंदिर का दर्शन को शामिल कर रहे हैं आप?

Prev Article
तेनजिंग नोर्गे ट्रेल : क्या रटी-रटाई जगहों से अलग आप कभी दार्जिलिंग के इस ऐतिहासिक रास्ते पर चले हैं?
Next Article
बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों को पिक-अप करना पड़ेगा महंगा, कितनी लगेगी एंट्री फीस?

Articles you may like: