🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

भूख के खिलाफ एक शांत क्रांति: अस्पताल में गरीबों के लिए रोज सजती है मुफ्त भोजन की थाली

तेलंगाना के सेवानिवृत्त कर्मचारी कोटा दयानंद नौ साल से मरीजों और उनके परिजनों को करा रहे हैं निःशुल्क भोजन।

By देबार्घ्य भट्टाचार्य, Posted by: श्वेता सिंह

Feb 23, 2026 10:27 IST

तेलंगानाः तेलंगाना में एक ऐसे बुजुर्ग हैं, जिन्होंने अपनी सेवानिवृत्ति को आराम का समय नहीं, बल्कि सेवा का अवसर बना लिया। कोटा दयानंद पिछले नौ वर्षों से अस्पतालों में आने वाले गरीब मरीजों और उनके परिजनों को मुफ्त भोजन उपलब्ध करा रहे हैं।

हर दिन वे करीब 300 से 500 जरूरतमंद लोगों तक खाना पहुंचाते हैं। इनमें ज्यादातर वे लोग होते हैं, जो इलाज के लिए दूर-दराज से आते हैं और आर्थिक तंगी के कारण दो वक्त की रोटी जुटाने में भी कठिनाई महसूस करते हैं।

दयानंद ने अपनी इस पहल को संगठित रूप देने के लिए बड़ासिद्धि विनायक सेवा समिति की स्थापना की। धीरे-धीरे उनके साथ अन्य सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी भी जुड़ते गए।

आज यह टीम सुबह, दोपहर और रात-तीनों समय भोजन की व्यवस्था करती है। अस्पताल प्रशासन ने भी इस नेक कार्य में सहयोग दिया है। भोजन वितरण के लिए अस्पताल परिसर में एक शेड उपलब्ध कराया गया है। डॉक्टरों ने भी आर्थिक सहयोग जुटाने में मदद की है।

दयानंद की इस पहल में स्थानीय नागरिक भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। घरों में होने वाले कार्यक्रमों में यदि भोजन बच जाता है, तो लोग उसे सेवा समिति को सौंप देते हैं ताकि जरूरतमंदों तक पहुंच सके।

प्रवीण नाम के एक युवक बताते हैं कि उनके पिता अस्पताल में भर्ती हैं। इलाज के साथ-साथ रोज बाहर से खाना खरीदना उनके लिए संभव नहीं था। ऐसे में दयानंद द्वारा दिया गया मुफ्त भोजन उनके परिवार के लिए बड़ी राहत साबित हुआ।

देश में भूख और गरीबी आज भी बड़ी चुनौती है। ऐसे समय में दयानंद जैसे लोग समाज के लिए प्रेरणा बनकर सामने आते हैं। उनका कहना है कि वे सिर्फ इतना चाहते हैं कि कोई भी व्यक्ति अस्पताल में भूखा न रहे। उन्होंने संकल्प लिया है कि जीवन के अंतिम दिन तक वे इस सेवा कार्य को जारी रखेंगे। दयानंद की यह पहल बताती है कि बदलाव के लिए बड़े पद या संसाधन नहीं, बल्कि बड़ा दिल चाहिए।

Prev Article
दर्द को संकल्प में बदलतीं और हरियाली से भविष्य गढ़तीं सुंदरबन की बाघ विधवाएं
Next Article
‘दुश्मन’ से ‘दोस्त’ तक: डुआर्स में हाथियों को छूकर बदली दिव्यांग बच्चों की सोच

Articles you may like: